ETV Bharat / state

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा, अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार

राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में 3 मुन्ना भाई और 4 मुन्नी बहनें पकड़ी गई थी, ये लोग दूसरे छात्र-छात्राओं की जगह परीक्षा दे रहे थे

UTTARAKHAND BOARD EXAMS 2026
पुलिस की गिरफ्तार में अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल का प्रिंसिपल (Photo courtesy- Haridwar Police)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 27, 2026 at 5:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा किया है. इस रैकेट में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपी पेशे से प्राइवेट स्कूल का प्रिंसिपल है. बीती 24 फरवरी को राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में उसी ने एक छात्रा के प्रवेश पत्र में धांधली कर मूल छात्रा की जगह, दूसरी लड़की से परीक्षा दिलाई थी. जांच में सामने आया कि अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल के प्रिंसिपल ने ही सारा षड्यंत्र रचा है.

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा: बीती 24 फरवरी को उत्तराखंड बोर्ड की हिंदी की परीक्षा थी. रानीपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सलेमपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में आठ छात्र फर्जी तरीके से परीक्षा देने आए थे. कक्ष निरीक्षकों ने फर्जीवाड़े को पकड़ लिया. खुलासा हुआ था कि आठ में से चार छात्र और चार छात्राओं ने परीक्षा नहीं दी. मूल छात्रों की जगह दूसरे युवक युवतियां परीक्षा देने आए थे.

7 युवक-युवतियां दूसरों के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए थे: रानीपुर क्षेत्रान्तर्गत स्थित राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में दूसरे के नाम पर फर्जी रूप से परीक्षा दिए जाने के संबंध में प्रिंसिपल चन्द्र द्विवेदी द्वारा मुकदमा पंजीकृत कराया गया था. उक्त प्रकरण में रानीपुर पुलिस द्वारा पूर्व में 03 मुन्ना भाई व 04 मुन्नी बहनों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र बरामद किए गए थे. एक मुन्ना भाई फरार होने में कामयाब रहा था.

अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार: रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा जांच शुरू की गई. जांच में फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलवाने वाले मुख्य साजिशकर्ता को चिन्हित किया गया. आरोपी चंगेज अंसारी पुत्र जहीर अंसारी, निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर, उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी द्वारा स्वयं को अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल ज्वालापुर का प्रिंसिपल बताया गया. उसके द्वारा द सक्सेज प्वॉइंट नाम से व्हाट्सएप व अन्य सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग संचालित करने की बात स्वीकार की गई.

परीक्षा में सॉल्वर बिठाने के लिए थे 12 हजार रुपए: आरोपी ने ट्यूशन के नाम पर एक छात्रा के परिजनों से परीक्षा पास कराने के लिए बारह हजार रुपए की धनराशि ली. एक अन्य छात्रा की फोटो का उपयोग कर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया. उक्त फर्जी प्रवेश पत्र के आधार पर वास्तविक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलाई गई. राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में तैनात कक्ष निरीक्षकों की सजगता से परीक्षा घोटाले का भंडाफोड़ हो गया.

कोतवाली प्रभारी ने ये कहा: रानीपुर कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह राणा ने बताया कि-

पुलिस द्वारा आरोपी को धोखाधड़ी एवं कूट रचना कर सार्वजनिक परीक्षा में प्रतिरूपण कराने के अपराध में गिरफ्तार किया गया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, असली छात्र की जगह एग्जाम देने वाले 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज