टिहरी: जाखणीधार के कैथोली गांव में धर्म परिवर्तन का आरोप, ग्रामीणों ने किया विरोध, VIDEO की हो रही जांच
टिहरी के कैथोली गांव में बाहरी लोगों द्वारा गरीब और अनुसूचित जाति के लोगों का धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लग रहे हैं

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 7, 2026 at 12:30 PM IST
टिहरी गढ़वाल: जिले के जाखणीधार विकासखंड के अंतर्गत कैथोली गांव में एक परिवार द्वारा ग्रामीणों का कथित रूप से क्रिश्चियन सत्संग के नाम पर 30 से 40 लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने इसका पुरजोर विरोध किया. इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल बताया जा रहा है. पुलिस वीडियो का संज्ञान लेकर जांच कर रही है.
टिहरी में धर्म परिवर्तन का आरोप: स्थानीय व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि चंद्रबदनी धाम के मुख्य मार्ग के समीप एक व्यक्ति ने सड़क पर अतिक्रमण कर निर्माण किया हुआ है. उसके धार्मिक और सामाजिक दस्तावेजों को लेकर भी सवाल उठाए हैं. आरोप लगाने वालों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति स्वयं को अलग-अलग परिस्थितियों में अलग-अलग पहचान बताता है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
सत्संग के नाम पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप: स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में किसी प्रकार की अवैध गतिविधि, अतिक्रमण या कानून का उल्लंघन हो रहा है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए.
वहीं, प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस कर रही है जांच: महेश लखेड़ा, सीओ टिहरी, ने कहा कि-
अंजनीसैण क्षेत्र के संबंध में एक वीडियो सोशल मीडिया पर आजकल वायरल हो रहा है. वीडियो बनाने वाले द्वारा क्षेत्र में धर्मांतरण के आरोप लगाए गए हैं. इस संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है. यदि इस संबंध में कोई तथ्य प्रकाश में आते हैं, तो आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. यदि किसी व्यक्ति द्वारा भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचना प्रसारित की जाएगी, तो प्रसारण कर्ता के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जायेगी.
-महेश लखेड़ा, सीओ, टिहरी-
ये भी पढ़ें: पत्नी ने पति पर डाला धर्मांतरण का दबाव, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, 6 साल पहले की थी लव मैरिज

