कानपुर में स्मार्ट मीटर के नाम पर उगाही का आरोप, सपा ने केस्को मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
सपा नेता फजल महमूद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केस्को एमडी को ज्ञापन सौंपकर जनता की समस्याओं के समाधान की मांग की.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : April 30, 2026 at 5:20 PM IST
कानपुर: कानपुर में स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी और बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने केस्को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
सपा नेता फजल महमूद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केस्को एमडी को ज्ञापन सौंपकर जनता की समस्याओं के समाधान की मांग की.
सपा नेताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के नाम पर गरीब इलाकों, जैसे बाबू पुरवा और बेगम पुरवा में अवैध वसूली की जा रही है.
फजल महमूद ने कहा कि लोगों का रिचार्ज 10 दिन में ही खत्म हो रहा है, जिससे गरीब जनता के सामने बच्चों के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है.
उन्होंने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हजारों करोड़ खर्च होने के बाद भी शहर में सिर्फ दिखावे के लिए चाइनीज लाइटें लगाई गई हैं.
प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद केस्को एमडी ने आश्वासन दिया कि स्मार्ट मीटर और बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों की जांच कराई जाएगी.
उन्होंने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही तकनीकी खामियों को दूर किया जाएगा. हालांकि, फजल महमूद ने कहा है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो सपा सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी.
बता दें कि उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर (विशेषकर प्रीपेड) लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है. इसमें सबसे बड़ी समस्या ये आ रही है कि अचानक बिना किसी चेतावनी के बिजली कट जा रही है. रिचार्ज करने में देरी पर बिजली चली जा रही है. त्रुटिपूर्ण वायरिंग से दूसरों का बिल आना किसी दूसरे के नाम पर चढ़ जा रहा है. इतना ही नहीं बिजली की खपत समान रहने पर भी बिल में 20 से 30 तक की बढ़ोतरी हो जा रही है.

