ETV Bharat / state

झारखंड में सर्दी का सितम जारी, शीतलहर को लेकर 6 से 8 जनवरी तक बंद रहेंगे सभी स्कूल

झारखंड में शीत लहर को लेकर आगामी दो दिन तक सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है.

all schools will remain closed due to cold wave in Jharkhand
झारखंड में सर्दी (प्रतीकात्मक तस्वीर) (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : January 5, 2026 at 6:16 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड में लगातार बढ़ रही शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है. इसको लेकर आगामी दो दिन तक सारे स्कूल को बंद रखे का आदेश दिया गया है.

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने आदेश जारी कर राज्य में संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक विद्यालयों सहित) और निजी विद्यालयों में 6 जनवरी से 8 जनवरी तक कक्षाएं स्थगित करने का निर्देश दिया है. यह आदेश प्री-नर्सरी और नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों पर समान रूप से लागू होगा.

विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. शीतलहर के चलते न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. जिससे छोटे बच्चों और किशोर विद्यार्थियों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ गया है. ऐसे में राज्य सरकार ने एहतियातन स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके.

हालांकि, आदेश में यह भी कहा गया है कि इस अवधि के दौरान सरकारी विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित रहेंगे. उन्हें ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी और विभाग द्वारा निर्धारित गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा. विभाग का मानना है कि इससे विद्यालयी प्रशासनिक कार्यों और अन्य जरूरी गतिविधियों में कोई बाधा नहीं आएगी.

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी विद्यालय में इस अवधि के दौरान प्री-बोर्ड परीक्षा या अन्य महत्वपूर्ण आंतरिक परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, तो संबंधित सक्षम प्राधिकार अपने विवेक से परीक्षा संचालन को लेकर निर्णय ले सकेंगे. यानी, परीक्षा स्थगित करनी है या आयोजित करनी है. इसका फैसला स्थानीय परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए लिया जाएगा.

बता दें कि झारखंड में पहले से ही शीतकालीन अवकाश चल रहा था। सभी स्कूलों को 5 जनवरी से दोबारा खुलना था. लेकिन मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने रविवार को ही 5 जनवरी और 6 जनवरी को अवकाश घोषित कर दिया था. अब ताजा आदेश के तहत इन छुट्टियों को बढ़ाकर 8 जनवरी तक कर दिया गया है. इससे साफ है कि सरकार मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी निर्णय ले सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक राज्य के कई जिलों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है. सुबह और देर शाम के समय घना कोहरा और तेज ठंड लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. खासकर ग्रामीण इलाकों में स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में स्कूलों में अवकाश का यह निर्णय अभिभावकों के लिए भी राहत भरा माना जा रहा है.

राज्य सरकार ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और बिना जरूरत उन्हें घर से बाहर न निकलने दें. वहीं, शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए.

शीतलहर के बीच लिया गया यह फैसला सरकार की सतर्कता और बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है. अब सभी की निगाहें मौसम की अगली अपडेट और स्कूलों के पुनः संचालन को लेकर सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं.

इसे भी पढ़ें- भीषण ठंड के चलते रांची के सभी स्कूलों में पढ़ाई स्थगित, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

इसे भी पढ़ें- ठंड है प्रचंड-स्कूल रहेंगे बंद! रांची जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

इसे भी पढ़ें- शीतलहर की चपेट में झारखंड, अस्पतालों में बढ़ रही मरीजों की संख्या, डॉक्टरों ने बताए स्वस्थ रहने के उपाय