ETV Bharat / state

बिहार विधान परिषद में मंत्री अशोक चौधरी और MLC सुनील सिंह में भिड़ंत, बवाल के बीच विपक्षी सदस्य सस्पेंड

बिहार विधान परिषद में हंगामा जारी है. सभापति ने सभी विपक्षी सदस्यों को दिनभर के लिए सस्पेंड कर दिया है. पढ़ें..

Bihar Legislative Council
बिहार विधान परिषद में विपक्ष का हंगामा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 10, 2026 at 1:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज छठा दिन है. आज भी दुष्कर्म और अपराध के मामले को लेकर विपक्ष का हंगामा जारी है. विधान परिषद में तो इतना बवाल हुआ कि सभापति ने पूरे विपक्षी विधान पार्षदों को दिनभर के लिए निलंबित कर दिया. इस दौरान मंत्री अशोक चौधरी और आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह एक-दूसरे को 'औकात' दिखाने पर उतर आए.

विपक्ष का हंगामा जारी: विधान परिषद में प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सदस्य कानून-व्यवस्था को लेकर गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़ गए. जब स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी भी विपक्ष की नारेबाजी जारी रही. जिसके बाद सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि प्रश्न काल को बाधित नहीं किया जा सकता है.

विपक्षी सदस्य दिनभर के लिए सस्पेंड (ETV Bharat)

विपक्षी सदस्य दिनभर के लिए सस्पेंड: सभापति के निर्देश के बावजूद विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते रहे और वेल में पहुंच गए. जिसके बाद नाराज होकर अवधेश नारायण सिंह ने दिन भर के लिए विपक्षी सदस्यों को बाहर रहने का आदेश दिया. उन्होंने कहा कि वह मार्शल को आदेश देते हैं कि इन्हें सदन से निकालकर बाहर करें.

"सभी लोगों को मार्शल से आउट करिये, खाली करिये. विपक्ष के सभी सदस्यों को बाहर जाने का आदेश देता हूं. आपलोग बाहर जाइये. आज ही, दिनभर के लिए. मार्शल को आदेत दिया जाता है कि सभी को आउट करिये."- अवधेश नारायण सिंह, सभापति, बिहार विधान परिषद

Bihar Legislative Council
सभापति अवधेश नारायण सिंह का एक्शन (ETV Bharat)

सुनील सिंह और अशोक चौधरी में भिड़ंत: वहीं, जब विपक्षी सदस्य बाहर जा रहे थे, तभी मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि ये लोग सदन को हाईजैक करना चाहते हैं, जिसके बाद आरजेडी एमएलसी सुनील कुमार सिंह के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हो गई. दोनों एक-दूसरे पर चीखने-चिल्लाने लगे. इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को औकात दिखाने तक की धमकी दे डाली. अशोक चौधरी ने आरोप लगाया कि दलित का अपमान कर रहे हैं. इस बीच सभापति लगातार विपक्ष को बाहर जाने को बोलते रहे. साथ ही कहा कि विपक्षी सदस्य के आचरण को संज्ञान में ले लिया गया है.

Bihar Legislative Council
पूर्व सीएम राबड़ी देवी (ETV Bharat)

विपक्ष के बिना सदन की कार्यवाही: राबड़ी देवी के साथ तमाम विपक्षी सदस्य सदन से बाहर निकल गए और बाहर निकलकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. उधर विपक्ष के जाने के बाद सदन की कार्यवाही जारी है. वहीं, विपक्ष के रवैये को लेकर मंत्री दिलीप जायसवाल ने सभापति से शिकायत भी की है. उन्होंने कहा, 'दलित मंत्री को सदन में जिस तरह गाली-गलौज किया गया है, यह ठीक नहीं है. राजद के नेताओं का व्यवहार को जनता देख रही है.

Bihar Legislative Council
विपक्षी विधान पार्षदों का प्रदर्शन (ETV Bharat)

विधानसभा में भी हंगामा: उधर, कानून-व्यवस्था को लेकर विधानसभा में भी जोरदार हंगामा हुआ. जिसके बाद सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी है. हालांकि बाहर निकलकर भी विपक्षी विधायकों ने नारेबाजी की और गृहमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग की. नीट छात्रा हत्याकांड को लेकर भी महागठबंधन के विधायक हमलावर थे.

Bihar Legislative Council
विपक्षी विधायकों का प्रदर्शन (ETV Bharat)

'सीएम को माफी मांगना चाहिए': सोमवार को बिहार विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस तरह से नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के लिए टिप्पणी की थी, उससे विपक्ष नाराज है. विपक्ष का कहना है कि सीएम को अपने तत्काल माफी मांगना चाहिए. यह एक महिला का अपमान है.

ये भी पढ़ें: 'ई जो लड़की है..' बिहार विधान परिषद में CM नीतीश और राबड़ी देवी में तीखी नोकझोंक