भीलवाड़ा में गुर्जर महासभा का शपथ एवं सम्मान समारोह, शिक्षा पर जोर...राज्य सरकार से मांगा सहयोग
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने कहा कि समाज को राज्य सरकार से सहयोग एवं आशीर्वाद की दरकार. युवा पीढ़ी के लिए शिक्षा पर दिया जोर.

Published : May 26, 2026 at 7:42 PM IST
भीलवाड़ा: अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का शपथ एवं सम्मान समारोह मंगलवार को यहां नगर निगम के महाराणा प्रताप सभागार में हुआ. इसमें मुख्य वक्ताओं ने समाज में शिक्षा पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि हमारी वर्तमान पीढ़ी को शिक्षा की ओर आकर्षित करना होगा. शिक्षा से ही संस्कार और हमारी पीढ़ियां सशक्त होंगी.
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गोपीचंद गुर्जर ने बताया कि महासभा के बैनर तले भीलवाड़ा मुख्यालय पर शपथ एवं सम्मान समारोह रखा गया. नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत किया गया. इसमें गुजरात के पूर्व गृह मंत्री गोरधनभाई झडफिया के अलावा देश भर से राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी एवं समाजजन आए.
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष गोपीचंद ने कहा कि गुर्जर समाज पुरातन काल से ही अपनी अलग पहचान रखता है. गुर्जर कोई कौम नहीं, एक संस्कृति है. हम संगठन के साथ ही राष्ट्र विकास और समाज के विकास को लेकर चर्चा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कश्मीर में धारा 370 हटाने में अहम भूमिका गुर्जर समाज ने निभाई. पूर्व विधायक गोपीचंद गुर्जर ने बताया कि गुर्जर समाज को प्रदेश सरकार से आशीर्वाद व सहयोग की जरूरत है. इस दौरान पूर्व मंत्री शकुंतला रावत, मांडल विधायक उदयलाल भडाना, रामप्रसाद धाबाई आदि मौजूद थे.

