झारखंड में निकाय चुनाव की वोटिंग की तैयारी, विभिन्न जिलों के डिस्पैच सेंटर्स से रवाना हुए मतदानकर्मी
झारखंड में नगर निकाय चुनाव की वोटिंग को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है.

Published : February 22, 2026 at 2:33 PM IST
दुमका/रामगढ़/जामताड़ा/लोहरदगा/कोडरमा/पलामू/पाकुड़/धनबाद/बोकारो/साहिबगंजः झारखंड में निकाय चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं. सभी जिलों के डिस्पैच सेंटर्स से पोलिंग पार्टियां नियत पोलिंग बूथों के लिए रवाना हो चुके हैं. इस उत्सव में भाग लेने के लिए मतदानकर्मियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. वहीं प्रशासन भी इसको लेकर पूरी तरह से मुस्तैद है और दावा है कि मतदान भयमुक्त वातावरण में कराए जाएंगे. इसलिए मतदाता निर्भिक होकर अपने घरों से निकलें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें.
पलामू के जीएलए कॉलेज से रवाना हुए मतदानकर्मी
साल 2018 के बाद झारखंड में निकाय चुनाव हो रहा है. पलामू के मेदिनीनगर नगर निगम, बिश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में चुनाव होना है. सोमवार की सुबह 7 से वोटिंग की शुरुआत हो जाएगी. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज स्ट्रांग रूम बनाया गया है.
रविवार को मतदान कर्मी में स्ट्रॉन्ग रूम से अपने-अपने क्लस्टर के लिए रवाना हुए. पलामू में निकाय चुनाव को लेकर 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जबकि 11 क्लस्टर बनाए गए हैं. मतदानकर्मी रविवार की रात क्लस्टर पर गुजारेंगे और सोमवार की सुबह मतदान केंद्रों में जाएंगे. मतदान को लेकर पलामू जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है. वोटिंग को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है एवं क्यूआरटी टीम भी गठित की गई है.
चुनाव को लेकर मतदानकर्मी रवाना हुए हैं सभी क्लस्टर पर रखेंगे और मतदान केंद्रों तक जाएंगे. पलामू जिला प्रशासन चुनाव को लेकर तैयार है. लोगों से अपील की जा रही है कि वह अधिक से अधिक मतदान में भाग ले, पलामू जिला प्रशासन फियर फ्री एवं फेयर इलेक्शन करवाने के लिए तैयार है. सभी लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचे और वोट करें. -समीरा एस, डीसी, पलामू.
वोटिंग को लेकर पूरी तैयारी पूरी कर ली गई है कि क्यूआरटी टीम भी तैनात किया गया है एवं पुलिस बल की भी तैनाती की गई है. पुलिस चुनाव को लेकर अलर्ट है और सभी इलाकों में नजर बनाए हुए है. पुलिस सभी से लोगों से अपील कर रही है कि वो अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मतदान करें. -रीष्मा रमेशन, एसपी, पलामू.
2.31 लाख मतदाता 246 बूथ पर करेंगे वोटिंग
पलामू में नगर निकाय चुनाव में पांचों क्षेत्र को मिलाकर 2 लाख 31 हजार 790 मतदाता वोटिंग करेंगे. चुनाव को लेकर 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में 1 लाख 19 हजार 034 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे नगर निगम क्षेत्र में 132 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में 65 हजार 827 पुरुष जबकि 63 हजार 206 महिला मतदाता है.

पलामू पुलिस शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह से तैयार है. लोग बिना किसी डर दबाव के निर्भीक होकर मतदान करे. वोटिंग को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं एवं बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है. यह बात पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने ईटीवी भारत के साथ खास बातचीत में कही है.
दरअसल पलामू के पांच अलग-अलग क्षेत्र में निकाय चुनाव हो रहे है. पूरे झारखंड में सबसे अधिक पलामू पलामू में अलग-अलग क्षेत्र में चुनाव हो रहे है. निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर ईटीवी भारत ने पलामू एसपी रीष्मा रमेशन से बातचीत किया है. एसपी रीष्मा रमेशन न बताया कि पलामू में 160 भावनाओं में मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें 157 मतदान केंद्र स्थायी भवन में है जबकि तीन मतदान केंद्र अस्थाई भवन में है. मतदान की तैयारी को लेकर सशस्त्र बल की तैनाती की गई है. जिला में पांच अलग-अलग अर्बन बॉडी में चुनाव हो रहे हैं और सभी इलाकों के लिए क्यूआरटी टीम की तैनाती की गई है. सभी पुलिस अधिकारियों का क्षेत्र बांटा गया है. पांचो अर्बन बॉडी में अलग-अलग डीएसपी के तैनाती की गई है और उनके साथ टियर गैस टीम को भी रखा गया है.
बिहार सीमा पर खास नजर, हरिहरगंज में नक्सल घटना का रहा है इतिहास
बिहार बॉर्डर से सटे हुए हरिहरगंज में भी नगर पंचायत का चुनाव हो रहा है. एसपी ने बताया कि हरिहरगंज के हालात बदले हैं एवं इस इलाके में नक्सली गतिविधि कमजोर हो गई है. पलामू के इलाके को केंद्र की सरकार ने नक्सली फ्री घोषित कर दिया है. यह इलाका बिहार से सट्टा हुआ है और चुनाव हरिहरगंज के शहरी क्षेत्र में है. इंटर स्टेट बॉर्डर को ध्यान में रखकर इलाके में विशेष इंतजाम किए गए हैं और इंटर स्टेट बैठक भी की गई है. इलाके में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है एवं सर्च अभियान भी चलाएं गए है.
शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए पुलिस है तैयार, 112 एवं कंट्रोल रूम मे कर सकते है कॉल
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि पुलिस शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव करवाने के लिए पूरी तरह से तैयार है पुलिस लोगों से यह अपील कर रही है कि बिना किसी डर भय के निर्भीक होकर मतदान करें. किसी भी तरह की जानकारी या मदद डायल 112 पर कॉल करके ले सकते है. पुलिस की कंट्रोल रूम भी बनाई गई है जहां चुनाव से जुड़ी हुई हर गतिविधि का अपडेट लिया जाएगा लोग कंट्रोल रूम के नंबर पर भी कॉल कर सकते है.
पाकुड़ में अधिकारियों ने दी ब्रीफिंग
पाकुड़ में कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण से जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार पुलिस एवं अधीक्षक निधि द्विवेदी ने 42 बूथों पर निष्पक्ष स्वतंत्र चुनाव कराए जाने को लेकर मतदान दल में शामिल कर्मियों को रवाना किया. बूथों पर कर्मियों को रवाना करने के पूर्व उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने ब्रीफिंग कर दायित्वों एवं कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन करने, पारदर्शी मतदान कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिया.
इस मौके पर दंडाधिकारियों पुलिस पदाधिकारियों को भयमुक्त एवं बाधा रहित चुनाव कराने को लेकर निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन का अनुपालन करने, शांतिपूर्व चुनाव में बाधा डालने वालों से सख्ती से निपटने एवं बूथों पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया. सभी मतदान कर्मियों को बाजार समिति प्रांगण में चुनाव सामग्रियों, प्रपत्रों, मतपेटी डिस्पैच सेंटर में मुहैया कराया गया और पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ उन्हें बूथों पर भेजा गया. मतदान दल में शामिल कर्मियों पुलिस पदाधिकारी को अभिनंदन किट भी दिया गया.
आगामी 23 फरवरी को होने वाले चुनाव में वार्ड पार्षद के 89 एवं अध्यक्ष पद के 10 प्रत्याशी मैदान में है. प्रशासन ने 42 मतदान केंद्र बनाया है जिनमें से 6 को संवेदनशील एवं 4 मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है. आगामी 23 फरवरी को 37 हजार 33 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. प्रशासन ने 10 मतदान केंद्र को थीम आधारित बूथ बनाया है. दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं को घर से मतदान केंद्र तक लाने के लिए प्रशासन ने टोटो, व्हील चेयर का भी इंतजाम किया है. इसके अलावा बूथों पर पेयजल का भी इंतजाम किया गया है.
पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराने को लेकर सारे इंतजाम किए गए हैं. वहीं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया बाधा रहित और भयमुक्त चुनाव कराने को लेकर 450 जवानों की तैनाती की गई है. चुनाव को लेकर शहरी क्षेत्र के चौक-चौराहे पर भी पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है साथ ही साथ शहर से सटे ग्रामीण इलाकों की सीमा पर जैप जिला पुलिस होमगार्ड एवं चौकीदार की तैनाती की गई है. उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की है.
बोकारो में वोटिंग के लिए प्रशासन की तैयारी पूरी
बोकारो में नगर पालिका चुनाव के तहत जिला के चास नगर निगम क्षेत्र एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान संपन्न कराया जाएगा. मतदान को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बोकारो स्टील सिटी के सेक्टर 08 बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल को डिस्पैच सेंटर बनाया गया है, जहां से मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. वहीं चास स्थित बाजार समिति को वज्रगृह (स्ट्रॉन्ग रूम) के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां मतदान उपरांत बैलेट बाक्स एवं अन्य सामग्री सुरक्षित रखी जाएगी. रविवार सुबह से ही मतदान दल रवाना होने लगे है जिसको लेकर पदाधिकारी, कर्मियों की प्रतिनियुक्ति हुई है.
डीईओ सह डीसी, डीडीसी की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार की देखरेख में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. चास नगर निगम क्षेत्र में कुल 136 मतदान केंद्रों तथा फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में 65 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जाएगा. डी अजय नाथ ने बताया कि मतदान को लेकर के सारी तैयारी कर ली गई है मतदानकर्मियों को तत्काल यहीं पर मानदेय भी उनका भुगतान कर दिया जा रहा है सिर्फ बैलेंस पेपर जा करके वह लेंगे क्योंकि उनको रिसीव करना है.
उपयुक्त में लोगों से चुनाव में भागीदारी की अपील की है. उन्होंने कहा कि हम परिस्थिति में तैयार हैं चुनाव के लिए जो सिस्टम होता है बैलेंट या ईवीएम हम कराने को तैयार रहते हैं. चुनाव एक प्रक्रिया है और अलग-अलग कोषांग है सभी अपने-अपने कामों में रहते हैं हम इस प्रक्रिया के तहत चुनाव को संपन्न कर लेते हैं. पुलिस बल के साथ तीन मतदान कर्मियों को हम लोग भेजने का काम कर रहे हैं. उन्होंने 28 फरवरी को रिटायर करने वाले शिक्षक को भी धन्यवाद दिया.
रिटायर होने से पहले मतदानकर्मी के रूप में नजर आए शिक्षक दुर्गा
बोकारो में नगरपालिका चुनाव कराने को लेकर रविवार को सेक्टर-8/बी स्थित डीएवी इस्पात विद्यालय से मतदान के लिए डिस्पैच का कार्य आरंभ हो गया. सभी मतदानकर्मी अपने-अपने कर्तव्यों पर तैनात हैं. ऐसे में एक ऐसे भी मतदान कर्मी है, जो सेवानिवृत्ति के बिलकुल नजदीक समय में भी चुनाव कार्य में तैनात हैं. वे चाहते तो चुनाव कार्य से छूट के लिए भी अनुरोध भी कर सकते थे परंतु उन्होंने ऐसा नहीं किया. ये मतदान कर्मी हैं दुर्गा प्रसाद साहू, जो वर्तमान में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर मध्य विद्यालय भेंडरा प्रखंड नावाडीह में पदस्थापित हैं. इनकी सेवानिवृत्ति 28 फरवरी 2026 को है फिर भी वे चुनाव कार्य पूरे जोश से लगे हुए हैं.
उन्होंने बातचीत के क्रम में बताया कि वे अब तक 16 बार चुनाव करा चुके हैं और उनकी सेवानिवृत्ति 28 फरवरी, 2026 को है. इसके बावजूद उन्होंने चुनाव कार्य से छूट का अनुरोध नहीं किया, वे इस कार्य से अब तक जुड़े हुए हैं. वे कहते हैं मैं 1994 में नौकरी ज्वाइन किया और 1996 से चुनाव कार्य में लगा हूं मुझे इस पूरे कार्यकाल में चुनाव कार्य में कोई परेशानी नहीं हुई.
दुर्गा प्रसाद साहू ने बताया कि पहले भी वैलेट पेपर से चुनाव करा चुके हैं और बीच में ईवीएम आया उसमें चुनाव कराने के बाद मेरा अंतिम चुनाव कार्य बैलट पेपर से ही संपन्न होने जा रहा है. मेरा सौभाग्य है कि राज्य और देश की सेवा करने का मौका मिला मुझे इसमें आत्मसंतुष्टि मिलती है और मैंने संपूर्ण जीवन ईमानदारी से कार्य किया है. इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने मतदानकर्मी दुर्गा प्रसाद साहू को प्रोत्साहित भी किया.
धनबाद में प्रशासन अलर्ट
धनबाद में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिला के सभी 1019 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है. धनबाद के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को डिस्पैच सेंटर बनाया गया है, जहां से आज सुबह से ही मतदान कर्मियों को बैलेट पेपर, ईवीएम, आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा बलों के साथ संबंधित बूथों के लिए रवाना किया जा रहा है.
मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर सुबह से ही चुनावी हलचल का केंद्र बना रहा. यहां से सभी 1019 बूथों के लिए मतदान दलों को चरणबद्ध तरीके से रवाना किया गया. इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर तैयारियों का जायजा लेते नजर आए. उनके साथ ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी, डीडीसी सहित कई वरीय अधिकारी भी तैनात रहे.
धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र को कुल 6 सुपर जोन में विभाजित किया गया है. प्रत्येक सुपर जोन में एक-एक डीएसपी के नेतृत्व में 25 पुलिस पदाधिकारी रायट कंट्रोल गियर और वाटर कैनन के साथ तैनात रहेंगे. इसके अतिरिक्त पूरे जिले को 15 जोन में बांटा गया है, जहां एक-एक पुलिस इंस्पेक्टर के साथ 10 पुलिस पदाधिकारी मतदान शुरू होने से लेकर चुनाव सामग्री के सुरक्षित रिसीविंग सेंटर पहुंचने तक लगातार भ्रमणशील रहेंगे.
अति संवेदनशील बूथों पर चार, संवेदनशील बूथों पर तीन और सामान्य बूथों पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है. बूथ से लेकर रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या उपद्रव की कोशिश पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें.
मतदानकर्मियों ने बताया कि बूथ पर पहुंचते ही सबसे पहले बूथ के आसपास 200 परिधि में स्थल का निरीक्षण करना है. आसपास किसी तरह की मादक पदार्थों की बिक्री होने पर इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को देनी है. जिससे शांतिपूर्ण चुनाव में कोई बाधा ना पहुंचे।जिस जगह पर लोग अपना मतदान करेंगे उस जगह की गोपनीयता पर भी विशेष ध्यान देना है. जिला प्रशासन का दावा है कि धनबाद में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराया जाएगा। अब देखना होगा कि मतदाता कितनी संख्या में घरों से निकलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाते हैं.
साहिबगंज में पोलिंग पार्टी व सेक्टर मजिस्ट्रेट रवाना
साहिबगंज जिला के तीनों नगर निकाय चुनाव को संपन्न कराने को लेकर रविवार की सुबह पोलिंग पार्टी, सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल को बैलेट बाक्स सहित आवश्यक सामग्री के साथ रवाना किया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर निकाय) सह उपायुक्त हेमंत सती ने सभी कर्मियों को संबोधित किया और शुभकामना दी. जिला के तीनों नगर निकाय को लेकर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और शाम पांच बजे तक वोटिंग खत्म होगी. 690 मतदानकर्मियों को चुनाव में लगाया गया है.
साहिबगंज नगर परिषद् क्षेत्र के लिए कुल-16 सेक्टर आफिसर, नगर पंचायत, राजमहल- 06 तथा नगर पंचायत, बरहरवा- 05 सेक्टर आफिसर तैनात किये गये हैं. नगर परिषद के 28 वार्डों में कुल 66 मतदान केंद्र व एक सहायक मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां कुल मतदाता 69 हजार 164 अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. अध्यक्ष पद के लिए 18 अभ्यर्थी व वार्ड पार्षद के लिए 108 अभ्यर्थी मैदान में हैं.
राजमहल नगर पंचायत के 14 वार्डों में कुल 19 मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 17 हजार 859 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. यहां अध्यक्ष पद के लिए चार अभ्यर्थी एवं वार्ड पार्षद के लिए 43 अभ्यर्थी मैदान में हैं. नगर पंचायत बरहड़वा के 14 वार्डो में कुल 20 मतदान केंद्र बनाया गया है जहां कुल 19 हजार 353 मतदाता मतदान करेंगे. अध्यक्ष पद के लिए छह अभ्यर्थी एवं वार्ड पार्षद के लिए 57 अभ्यर्थी मैदान में हैं.
जामताड़ा में चुनाव को लेकर प्रशासन ने की पूरी तैयारी
23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर जामताड़ा प्रशासन पूरी तरह से तैयारी की है. जामताड़ा नगर पंचायत नगर परिषद में मिहिजाम के होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल के अलावा पर्याप्त सुविधा एवं दंडाधिकारी की प्रति नियुक्ति की है. इसके अलावा चेक नाका उड़न दस्ता का गठन किया गया है ताकि शांतिपूर्ण निष्पक्ष चुनाव हो सके. चुनाव के तिथि के दिन प्रशासन द्वारा ड्राई डे घोषित किया गया है और नियंत्रण कक्ष बनाया गया है और पूरी तरह से निगरानी रखी जा रही है. शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर प्रशासन ने पर्याप्त सुरक्षा बल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही मतदान केंद्र में पर्याप्त सुविधा के अलावे 100 में निषेधाज्ञा लागू किया गया है.
कड़ी सुरक्षा के साथ मतदानकर्मियों को किया गया रवाना
रविवार को जिला संग्रहालय परिसर से कड़ी सुरक्षा के साथ मतदानकर्मियों को मतपेटी एवं सामग्री के साथ रवाना किया गया. जिला के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अपने निगरानी में सभी मतदान कर्मियों को मत पेटी के साथ निष्पक्ष चुनाव और शांतिपूर्ण चुनाव कराने को लेकर रवाना किया. डीसी रवि आनंद ने बताया कि जामताड़ा नगर पंचायत में जामनगर परिषद दोनों जगह होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है. उपायुक्त ने मतदाताओं से भय मुक्त होकर अपने मतदान का प्रयोग करने का अपील की है.
दुमका के 21 और बासुकीनाथ के 12 सीटों पर होगा मतदान
दुमका नगर परिषद के 21 वार्ड और बासुकीनाथ नगर पंचायत के 12 वार्ड के लिए सोमवार को मतदान होगा. दुमका नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत कुल 40,739 मतदाता हैं, जिनमें 20,738 पुरुष एवं 20,001 महिला मतदाता शामिल हैं. वहीं, बासुकीनाथ नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत कुल 14,254 मतदाता हैं, जिनमें 7,127 पुरुष एवं 7,127 महिला मतदाता हैं । दुमका नगर परिषद में कुल 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 19 संवेदनशील, 18 अति संवेदनशील तथा 05 सामान्य मतदान केंद्र हैं. इसी प्रकार नगर पंचायत बासुकीनाथ में कुल 19 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 03 संवेदनशील एवं 16 सामान्य मतदान केंद्र हैं.
मतदानकर्मी हुए रवाना
आज रविवार को दुमका इंडोर स्टेडियम में निर्मित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया. इस मौके पर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया गया. उन्होंने पोलिंग पार्टियों से संवाद कर निष्पक्ष , शांतिपूर्ण, सुरक्षित मतदान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही प्रशासन और पुलिस पदाधिकारी के साथ अलग से भी एक ब्रीफिंग की व्यवस्था की गई. जिसमें उपायुक्त ने यह निर्देश दिया कि बेहतर ढंग से आप मतदान का कार्य पूर्ण करें. यह सुनिश्चित करें कि किसी भी मतदाता को कोई परेशानी न हो.
उपायुक्त ने दी जानकारी
डिस्पैच सेंटर पर मीडिया से बात करते हुए उपायुक्त ने कहा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं. पूरी व्यवस्था पर संबंधित पदाधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है. मतदाताओं से अपील की गई है कि वे 23 फरवरी 2026 को अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें.
रामगढ़ में तैयारी पूरी
रामगढ़ नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आज रविवार को रामगढ़ कॉलेज परिसर से मतदान कर्मियों को मतपत्र, मुहर और बैलेट पेटियां व सुरक्षा कर्मियों के साथ बूथों पर भेजा गया. मतदानकर्मी रात को अपने बूथों पर ही रुकेंगे और सोमवार सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया सम्पन्न कराएंगे. इस बार नगर परिषद चुनाव कई मायनों में अलग है, क्योंकि पारंपरिक बैलेट पेपर और बैलेट पेपर से मतदान कराया जा रहा है. मतदान कर्मियों को ईवीएम और वीवीपैट की जगह मतपत्र और बैलेट पेटियों के साथ बूथों तक भेजा गया है.
नगर परिषद क्षेत्र में कुल 97 हजार 698 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 49 हजार 238 पुरुष और 48 हजार 460 महिला मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए कुल 90 मतदान केंद्र और 8 सहायक मतदान केंद्र, यानी कुल 98 केंद्र बनाए गए हैं, जो 60 भवनों में संचालित होंगे. चुनाव ड्यूटी में लगभग 615 मतदान कर्मी लगाए गए हैं. कर्मियों को बूथों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए करीब 125 वाहनों की व्यवस्था की गई है. नगर परिषद क्षेत्र में रामगढ़, मांडू, पतरातू और दुलमी प्रखंडों के हिस्से शामिल हैं, जहां यह चुनाव सम्पन्न कराया जा रहा है.
रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड संख्या 1 से 32 तक वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव होगा, जबकि अध्यक्ष पद का चुनाव पूरे नगर परिषद क्षेत्र के लिए कराया जाएगा. मतदाता सूची के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र में कुल 97 हजार 698 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 49 हजार 238 पुरुष और 48 हजार 460 महिला मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए कुल 90 मतदान केंद्र और 8 सहायक मतदान केंद्र, यानी कुल 98 केंद्र बनाए गए हैं, जो 60 भवनों में संचालित होंगे. चुनाव ड्यूटी में लगभग 615 मतदान कर्मी लगाए गए हैं. मतदान कर्मियों को बूथों तक सुरक्षित और सुगमता से पहुंचाने के लिए करीब 125 वाहनों की व्यवस्था की गई है.
लोहरदगा में 23 वार्ड के लिए 46 मतदान केंद्र पर वोट
लोहरदगा में नगर परिषद चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान दिया गया है. संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी है. सभी मतदान केंद्र में सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी. नगर परिषद के 23 वार्डों में कुल 43070 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसके लिए कुल 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. वार्डवार मतदाताओं की संख्या में काफी अंतर देखने को मिल रहा है, जहां कुछ वार्डों में मतदाताओं की संख्या ढाई हजार से अधिक है, वहीं कुछ वार्डों में यह संख्या एक हजार से भी कम है.
वार्ड 21 में सबसे अधिक मतदाता
लोहरदगा शहर के वार्ड संख्या 21 में सबसे अधिक 2731 मतदाता हैं, जिससे यह वार्ड चुनावी दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण बन गया है. इसके बाद वार्ड संख्या 11 में 2562 मतदाता और वार्ड संख्या 7 में 2497 मतदाता हैं. वार्ड संख्या 5 में 2307, वार्ड 18 में 2126 और वार्ड 19 में 2071 मतदाता दर्ज किए गए हैं. इन वार्डों में मतदाताओं की अधिक संख्या होने के कारण प्रत्याशियों का विशेष ध्यान इन क्षेत्रों पर केंद्रित है.
वार्ड 6 में सबसे कम मतदाता
लोहरदगा में मतदाताओं की संख्या के मामले में वार्ड संख्या 6 सबसे छोटा वार्ड है, जहां कुल 966 मतदाता हैं. इसके अलावा वार्ड संख्या 8 में 1396, वार्ड संख्या 9 में 1508 और वार्ड संख्या 16 में 1562 मतदाता हैं. कम मतदाताओं वाले इन वार्डों में भी प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक चुके हैं.
अन्य वार्डों में मतदाताओं की स्थिति
लोहरदगा में वार्ड संख्या 1 में 1854, वार्ड 2 में 1932, वार्ड 3 में 1864, वार्ड 4 में 1931 और वार्ड 10 में 1646 मतदाता हैं. इसी तरह वार्ड 12 में 1752, वार्ड 13 में 1858, वार्ड 14 में 1597 और वार्ड 15 में 1825 मतदाता दर्ज किए गए हैं. वार्ड 17 में 1732, वार्ड 20 में 1841, वार्ड 22 में 1604 और वार्ड 23 में 1908 मतदाता हैं. लोहरदगा नगर परिषद चुनाव में कुल 43070 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर परिषद के नए नेतृत्व का चयन करेंगे. चुनाव में कुल 23 वार्ड में 102 प्रत्याशी खड़े हैं, जबकि अध्यक्ष पद पर 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.
कोडरमा भी मतदान के लिए तैयार
कोडरमा में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर आज कोडरमा में सभी पोलिंग पार्टी को मतदान सामग्री देकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया. बता दें कि सोमवार को जिला के झुमरी तिलैया नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत और कोडरमा नगर पंचायत के लिए वोट डाले जाएंगे. झूमरी तिलैया नगर परिषद के 28 वार्ड के लिए 68, कोडरमा नगर पंचायत के 15 वार्ड के लिए 25 और डोमचांच नगर पंचायत के 14 वार्ड के लिए 21 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. तीनों नगर निकाय में अध्यक्ष पद के लिए 36 प्रत्याशी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहें है जबकि 57 वार्ड में कुल 263 प्रत्याशी पार्षद के लिए चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में मतदान सामग्री वितरित करने के लिए डिस्पैच सेंटर बनाया गया हैं. जहां मतदान सामग्री के साथ मतदान कर्मियों को पोलिंग बूथों के लिए रवाना हुए. उपायुक्त ऋतुराज और एसपी अनुदीप सिंह ने चुनाव आयोग के गाइडलाइन से मतदान कर्मियों को अवगत कराते हुए उन्हें कई दिशा निर्देश दिए. इस मौके पर मतदान केंद्र रवाना हो रहे मतदानकर्मियों ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष के चुनाव संपन्न कराने को लेकर प्रतिबद्धता जताई और कहा कि जो दिशा निर्देश चुनाव आयोग के द्वारा दिया गया है, उसके तहत चुनाव संपन्न कराया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- नगर निगम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, 43.33 लाख मतदाता करेंगे मतदान
इसे भी पढ़ें- नगर निकाय चुनाव के लिए थमा प्रचार का शोरः जानिए, मतदान के लिए आयोग की क्या है तैयारी
इसे भी पढ़ें- निकाय चुनाव: पलामू में पुलिस बल की तैनाती का प्लान तैयार, डीआईजी बोले- भयमुक्त माहौल में होगा चुनाव

