अलीगढ़ में स्कूली बस से बच्ची की मौत का मामला; दो अधिकारियों पर गिरी गाज, निलंबित
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि स्कूल प्रबन्धन के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत करने के लिए तहरीर दी गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 10:55 PM IST
|Updated : March 1, 2026 at 11:00 PM IST
लखनऊ : अलीगढ़ में स्कूल बस की टूटी फर्श से गिरकर छात्रा की मौत के मामले में परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में शासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ और एआरटीओ को सस्पेंड कर दिया है.
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के निर्देश पर शासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अलीगढ़, सम्प्रति सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सिद्धार्थनगर चम्पालाल और सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), अलीगढ़ वंदना सिंह को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है.
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि 28 फरवरी को अलीगढ़ सीमा से सटे कासगंज के नगला साधु गांव में स्कूल बस की फर्श टूटने से एक बच्ची की सड़क पर गिरने और टायर चढ़ जाने के कारण मृत्यु हो गई थी. ये वाहन अलीगढ़ के एक निजी स्कूल में संचालित हो रही थी, जिसका बीमा और परमिट की वैधता समाप्त हो चुकी थी.
उन्होंने बताया कि दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), आगरा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अलीगढ़, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), अलीगढ़, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), कासगंज, यात्रीकर अधिकारी, अलीगढ़ से तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के लिए निर्देशित किया गया था.
इस प्रकरण में चम्पालाल तत्कालीन सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अलीगढ़, सम्प्रति सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सिद्धार्थनगर को शासकीय कार्यों में उदासीनता व शिथिलता के दृष्टिगत निलम्बित किया गया है. इसके अलावा वंदना सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), अलीगढ़ को शासकीय कार्यों में शिथिलता व पर्यवेक्षणीय दायित्वों का निर्वहन न करने के लिए निलम्बित किया गया है. स्कूल प्रबन्धन के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत करने के लिए तहरीर दी गई है.
परिवहन आयुक्त ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश हैं कि सभी क्षेत्रीय अधिकारी अपने-अपने जनपदों में त्योहार के दौरान लगातार भ्रमण पर रहें. मुख्यालय पर सड़क दुर्घटनाओं की त्वरित सूचना प्राप्त करने और आम जनमानस के सुगम परिवहन को ध्यान में रखकर कंट्रोल रूम स्थापित करते हुए अधिकारियों/कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है.
यह भी पढ़ें : जान बचाने वाले वाहन ने ली जान; औरैया में एंबुलेंस ने 6 साल की बच्ची को रौंदा

