ETV Bharat / state

Conspiracy Exposed; कर्ज चुकाने से बचने के लिए कंपाउंडर ने खुद पर चलवाई थी गोली

अलीगढ़ थाना क्वार्सी क्षेत्र की घटना. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर साजिश का पर्दाफाश किया है.

पुलिस की गिरफ्त में साजिश के आरोपी.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 9, 2026 at 10:31 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़ : थाना क्वार्सी क्षेत्र में कंपाउंडर को गोली मारकर घायल करने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि कंपाउंडर ने कर्ज चुकाने से बचने के लिए खुद ही अपने दोस्त से पैर पर गोली चलवाई थी. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयुक्त मोपेड भी बरामद की है.


क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि बीते 5 मार्च की रात करीब 9 बजे तालानगरी के पास बाइकसवार कंपाउंडर सोनू पर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल सोनू को अस्पताल भेजा था. सोनू के पैर में गोली लगी थी. सोनू की तहरीर के आधार पर थाना क्वार्सी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.


थाना क्वार्सी पुलिस और क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग की संयुक्त टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का मिलान कराया तो कई अहम सुराग हाथ लगे. जांच में सामने आया कि कंपाउंडर सोनू ने करीब 40 लोगों से संविदा पर नौकरी लगवाने के नाम पर फॉर्म भरवाए थे. जब लोगों की नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने सोनू से पैसे वापस मांगने शुरू कर दिए. लगातार बढ़ते दबाव और घरवालों के सवालों से परेशान होकर सोनू ने साजिश के तहत खुद पर गोली चलवाई.

सीओ के मुताबिक योजना के तहत सोनू ने अपने दोस्त रिहान, वसीम और एक अन्य व्यक्ति को रात करीब सवा आठ बजे तालानगरी के पास बुलाया. जहां सोनू के कहने पर उसके दोस्त रिहान ने उसके ही पैर में गोली मार दी. इसके बाद सोनू ने डायल 112 पर कॉल कर खुद पर अज्ञात बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना दी. हालांकि पुलिस की गहन जांच में साजिश का पर्दाफाश हो गया है. इस मामले में सोनू पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी शाहपुर थाना हरदुआगंज और वसीम पुत्र शकील निवासी नींबरी थाना रोरावर को गिरफ्तार कर लिया. साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें : मुनीम ने मालिक के 1 लाख 70 हजार रुपये हड़पने के लिए मचाया लूट का शोर, पुलिस ने किया बेनकाब

यह भी पढ़ें : भाजपा नेता पीताबास पांडा मर्डर केस: पूर्व BJD विधायक समेत 12 लोग गिरफ्तार, 50 लाख की साजिश का पर्दाफाश