कॉलेज में वर्चस्व की जंग को लेकर हुई अंशु तोमर की हत्या; अलीगढ़ में तीन गिरफ्तार
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रवि बघेल, साहिल चौहान और आशिफ शामिल हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 8:37 AM IST
अलीगढ़: 28 फरवरी 2026 को वार्ष्णेय कॉलेज के सामने हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. कॉलेज में वर्चस्व की लड़ाई इस वारदात की मुख्य वजह बनकर सामने आई है.
गांधीपार्क पुलिस ने हत्या के षड़यंत्र में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी धीरज ठाकुर अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं.
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रवि बघेल, साहिल चौहान और आशिफ शामिल हैं. रवि ने घटना में प्रयुक्त अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल मुख्य आरोपी धीरज को उपलब्ध कराई थी. घटना के समय मौके पर भी था. वारदात के बाद वह मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया.
तमंचा कारतूस खरीदा: जांच में यह भी सामने आया कि साहिल ने अवैध असलहे की व्यवस्था कराई थी. आशिफ के माध्यम से 85 हजार रुपए में तमंचा और कारतूस उपलब्ध कराए गए.
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आशिफ के पास से 42 हजार रुपए और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है.
वर्चस्व की लड़ाई में हत्या: पुलिस के अनुसार, कॉलेज में दो गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर तनाव चल रहा था. मुख्य आरोपी धीरज ठाकुर के गुट ने दूसरे गुट के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था. इसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया और अंशु की जान चली गई.
थाना गांधीपार्क पुलिस ने तीनों आरोपियों को संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अब मुख्य आरोपी धीरज ठाकुर की तलाश में दबिश दे रही है. अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस घटना ने कॉलेज परिसर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कैंपस और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
28 फरवरी को हुई थी हत्या: यह घटना 28 फरवरी की है, जब श्री वार्ष्णेय मंदिर के पास पुराना छर्रा अड्डा पुल के नीचे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने अंशु तोमर को गोली मार दी थी. वह मौके पर ही गिर पड़ा.
अंशु तोमर थाना मडराक क्षेत्र के नौहटी गांव का रहने वाला था. हमले में उसके साथ खड़े पृथ्वीराज चौहान को भी जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई, जिससे वह घायल हो गया. इस मामले में अंशु के परिजन की तहरीर पर थाना गांधीपार्क में मुकदमा दर्ज किया गया.

