ETV Bharat / state

झारखंड में अगले 3 दिनों तक बदला रहेगा मौसम, कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट

झारखंड के मौसम का मिजाज आगामी तीन दिन तक बदला-बदला रहने वाला है. राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Alert issued for rain and lightning in several districts of Jharkhand
सांकेतिक तस्वीर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 29, 2026 at 3:33 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. आसमान में बादल छाए रहने के साथ राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है.

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक 29 और 30 अगस्त को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 31 अगस्त को रांची समेत मध्य झारखंड और उससे सटे लातेहार में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा है. तीनों दिनों में कहीं-कहीं वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी गई है.

29 अगस्त को इन जिलों में बरसेंगे बादल

आज यानी 29 अगस्त को झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज के साथ तेज बौछारें भी पड़ने की संभावना है. उत्तर-पूर्वी झारखंड में देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

Alert issued for rain and lightning in several districts of Jharkhand
29-30 अगस्त को बारिश का अलर्ट (ETV Bharat)

मध्य झारखंड की बात करें तो रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भी भारी बारिश की संभावना है. दक्षिण-पूर्वी हिस्से में पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है. इन इलाकों में बारिश के साथ बिजली चमकने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह है. हवा की रफ्तार भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

30 अगस्त को इन इलाकों में भारी बारिश

30 अगस्त को भी झारखंड में मौसम सक्रिय रहने वाला है. दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. मध्य झारखंड में खूंटी, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में भी भारी बारिश हो सकती है. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.

Alert issued for rain and lightning in several districts of Jharkhand
30-31 अगस्त को बारिश का अलर्ट (ETV Bharat)

31 अगस्त को बढ़ेगा भारी बारिश का असर

31 अगस्त को मौसम का ज्यादा असर मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है. मौसम केंद्र रांची के अनुसार गुमला, रांची, खूंटी और लोहरदगा में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. लातेहार में भी कुछ स्थानों पर इसी तरह की स्थिति बन सकती है. ऐसे में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में रहने वाले लोगों को 31 अगस्त को मौसम को लेकर विशेष सतर्क रहने की जरूरत होगी. इसको लेकर मौसम केंद्र, रांची ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है. राज्य के बाकी हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है.

Alert issued for rain and lightning in several districts of Jharkhand
31 अगस्त-1 सितंबर को बारिश का अलर्ट (ETV Bharat)

बालूमाथ में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 110 मिलीमीटर बारिश लातेहार जिला के बालूमाथ में रिकॉर्ड की गई. इसके बाद कुमरडुंगी में 89 mm बारिश हुई. वहीं मनिका, जेडआरएस दरिसाई और बरियातू में 80-80 mm बारिश दर्ज की गई.

जमशेदपुर रहा सबसे गर्म

बारिश के बावजूद राज्य के कुछ इलाकों में तापमान काफी ऊंचा रहा. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस कांके स्थित बीएयू, रांची में दर्ज हुआ. झारखंड में एक तरफ जहां कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई, वहीं दूसरी ओर तापमान में भी काफी अंतर देखने को मिला.

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम बारिश का कारण

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके अगले 48 घंटे में और अधिक स्पष्ट होने और उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा मानसून ट्रफ भी झारखंड के डाल्टनगंज क्षेत्र से गुजर रहा है. इन मौसमी परिस्थितियों के चलते राज्य में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें- रक्षा बंधन के दिन बरसेंगे बादल, 28 अगस्त को इन चार जिलों में भारी बारिश के आसार

इसे भी पढ़ें- झारखंड में तीन दिन बदला रहेगा मौसम, आज कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट

इसे भी पढ़ें- झारखंड में आज से 26 अगस्त तक बदला रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट