ETV Bharat / state

मानसून अपडेट: प्रदेश में 11 जुलाई से पड़ेगा धीमा, 18 जुलाई के बाद फिर पकड़ेगा रफ्तार

मौसम विभाग ने अगले दो दिन दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Rajasthan Weather Forecast
मौसम विभाग, जयपुर (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 9, 2026 at 2:57 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है. प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बने वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया (WML) के प्रभाव से राज्य में 10 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा. इसके बाद 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ जाएंगी. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मानसून 18 जुलाई के आसपास फिर से सक्रिय हो सकता है.

लगातार बारिश का दौर जारी: मानसून की एंट्री के बाद से प्रदेश में लगातार अच्छी बारिश हो रही है. बुधवार को भी राजस्थान के कई जिलों में हल्की से लेकर मूसलाधार बारिश दर्ज की गई. फलौदी, पाली, चित्तौड़गढ़, भरतपुर और करौली में झमाझम बारिश हुई, जबकि राजधानी जयपुर में बादलों की आवाजाही के बावजूद उमस ने लोगों को परेशान किया. कई इलाकों में जलभराव और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की स्थिति भी देखने को मिली.

इसे भी पढ़ें- इन राज्यों में भारी बारिश को लेकर IMD का रेड अलर्ट, जानें आज का मौसम

सामान्य से ऊपर बारिश दर्ज: इस मानसून सीजन में 8 जुलाई तक प्रदेश में औसतन 130.90 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि सामान्य औसत 96.45 मिलीमीटर है, यानी इस बार अब तक सामान्य से 35.71 मिलीमीटर यानी लगभग 35 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है. हालांकि, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार अब तक करीब 80 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई के दूसरे पखवाड़े में मानसून दोबारा सक्रिय होने पर यह अंतर कम हो सकता है.

प्रदेश में बारिश के आंकड़े: संभागवार आंकड़ों पर नजर डालें तो उदयपुर संभाग में सबसे अधिक 162.09 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इसका सामान्य औसत 131.93 मिलीमीटर है. कोटा संभाग में 156.93 मिलीमीटर, अजमेर में 131.05 मिलीमीटर और जयपुर संभाग में 130.90 मिलीमीटर बारिश हुई है. बीकानेर संभाग में भी सामान्य से काफी अधिक 93.48 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं, भरतपुर संभाग में 103.51 मिलीमीटर और जोधपुर संभाग में 54.18 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.

इसे भी पढ़ें- राजस्थान में तीन दिन और मेहरबान रहेगा मानसून , दक्षिण-पूर्वी जिलों में अतिभारी बारिश का अलर्ट

तीन संभागों में अति भारी बारिश: मौसम केंद्र के अनुसार दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया अगले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, लेकिन इसका प्रभाव राजस्थान पर बना रहेगा. इसी वजह से 9 और 10 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. विभाग ने विशेष रूप से कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के लिए भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है.

इस संभागों में भी बारिश की संभावना: 9 जुलाई को कोटा और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में मध्यम से भारी तथा कहीं-कहीं अति भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा. 10 जुलाई को भरतपुर संभाग और उससे लगे जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि बाकी प्रदेश में वर्षा की तीव्रता कम होने लगेगी.

इसे भी पढ़ें- हाड़ौती में मानसून की बेरुखी: अभी तक आधे से भी कम एरिया में ही बुवाई, देरी से किसान परेशान... प्रभावित होगा उत्पादन

11 जुलाई से कम होगी बारिश: मौसम विभाग के जयपुर केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 11 जुलाई से अगले एक सप्ताह तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में स्पष्ट कमी आएगी. इस दौरान केवल उत्तर और पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. बारिश कम होने के साथ दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और उमस में इजाफा होने की भी संभावना है.

कई जिलों में हुई बारिश: बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक सबसे अधिक बारिश भरतपुर जिले के बयाना में 84 मिलीमीटर दर्ज की गई. इसके बाद करौली के मंडरायल में 83 मिलीमीटर , चित्तौड़गढ़ के भदेसर में 80 मिलीमीटर , निंबाहेड़ा में 74 मिलीमीटर , अलवर के रामगढ़ में 63 मिलीमीटर, भरतपुर के रूदावल और करौली के करनपुर में 60-60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा धौलपुर, दौसा, डीग, अलवर, कोटा, सीकर और चूरू के कई इलाकों में भी 20 से 55 मिलीमीटर के बीच वर्षा दर्ज की गई.

इसे भी पढ़ें- डूंगरपुर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कुचामनसिटी में झमाझम

बीसलपुर बांध में पानी की आवक जारी: बीसलपुर बांध में गुरुवार 9 जुलाई को जल स्तर 313.70 आरएलल मीटर दर्ज किया गया है. बांध मे कुल भराव क्षमता का 67.74 फीसदी पानी मौजूद है. बांध के कैचमेंट एरिया में बीते चौबीस घंटे में 58 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. अभी तक सीजन में 326 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.

मौसम विभाग ने लोगों को अगले दो दिनों तक नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. प्रशासन को भी संभावित भारी बारिश को देखते हुए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों की बुवाई और फसल वृद्धि के लिहाज से लाभदायक मानी जा रही है, हालांकि लगातार भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव से नुकसान की आशंका भी बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें- अजमेर के कई इलाकों में झमाझम बारिश, कोटपूतली-बहरोड़ में खिले किसानों के चेहरे

इसे भी पढ़ें- ए भाई, जरा देखकर चलो...! बारिश से राजधानी की सड़कें बदहाल, कहीं सड़कें धंसी, कहीं गहरे गड्ढे