ETV Bharat / state

कॉर्बेट से सटे फाटो पर्यटन जोन में दिखा दुर्लभ अल्बिनो बंदर, जानिए क्यों जाते हैं लाल की जगह सफेद

कॉर्बेट से सटे फाटो पर्यटन जोन में एक दुर्लभ अल्बिनो बंदर दिखा है. जिसे नेचर गाइड मोहित शर्मा ने अपने कैमरे में कैद किया है.

ALBINO MONKEY IN CORBETT
फाटो पर्यटन जोन में दिखा अल्बिनो बंदर (फोटो साभार- Nature Guide Mohit Sharma)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 1, 2026 at 9:42 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नैनीताल: विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे फाटो पर्यटन जोन में एक दुर्लभ अल्बिनो बंदर (Albino monkey) नजर आया है. जिससे क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल है. इस अनोखे व दुर्लभ बंदर को नेचर गाइड मोहित शर्मा ने अपने कैमरे में कैद किया है.

सफेद बाल और लाल आंखों वाले इस बंदर को देख पर्यटक के साथ ही वन्यजीव प्रेमी भी आश्चर्यचकित रह गए. विश्व प्रसिद्ध कॉर्बेट पार्क से सटे इलाके में अक्सर वन्यजीवों की विविधता देखने को मिल जाती है, लेकिन किसी अल्बिनो बंदर का दिखना अत्यंत दुर्लभ घटना मानी जा रही है.

Albino monkey
अल्बिनो बंदर (फोटो साभार- Nature Guide Mohit Sharma)

क्यों हो जाते बंदर लाल से सफेद? विशेषज्ञों की मानें तो अल्बिनिज्म (Albinism) एक आनुवंशिक स्थिति है. जिसमें शरीर में मेलानिन (Melanin) नामक पिगमेंट की कमी हो जाती है. मेलानिन की कमी के कारण त्वचा, बाल और आंखों का रंग सामान्य से काफी हल्का या सफेद दिखाई देता है. यही वजह है कि इस बंदर का शरीर पूरी तरह सफेद व आंखें लाल नजर आ रही थी.

यह कोई प्रजाति नहीं, बल्कि दुर्लभ जैविक अवस्था: जानकार बताते हैं कि यह कोई अलग तरह की प्रजाति नहीं, बल्कि सामान्य बंदर में पाई जाने वाली एक दुर्लभ जैविक अवस्था है. हजारों में किसी एक जीव में यह स्थिति देखने को मिलती है.

Albino monkey
अपने झुंड के साथ अल्बिनो बंदर (फोटो साभार- Nature Guide Mohit Sharma)

अल्बिनो जीवों के सामने कई समस्याएं: अल्बिनो जीव अक्सर प्राकृतिक वातावरण में चुनौतियों का सामना करते हैं. क्योंकि, उनका असामान्य रंग यानी चटख रंग उन्हें शिकारियों के लिए आसानी से दिखाई देने वाला बना देता है. इसके अलावा तेज धूप और दृष्टि संबंधी समस्याएं भी इनके लिए परेशानी का कारण बनती हैं.

"फाटो जोन में सफारी के दौरान मैंने इस बंदर को पेड़ों पर विचरण करते देखा. इसकी अनोखी बनावट को देखते हुए मैंने तुरंत इसे कैमरे में कैद कर लिया."- मोहित शर्मा, नेचर गाइड

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की दुर्लभ नजारे क्षेत्र की जैव विविधता को दर्शाती हैं. हालांकि, ऐसे जीवों की सुरक्षा बेहद जरूरी है. ताकि, वे प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रह सकें. यह दुर्लभ अल्बिनो बंदर फिलहाल पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. जिसकी खूह चर्चाएं हो रही है.

ये भी पढ़ें-