ETV Bharat / state

AKTU का 24वां दीक्षांत समारोह आज, 62,537 विद्यार्थियों को डिग्री; 83 मेधावियों को मिलेंगे 84 पदक

AKTU के 24वें दीक्षांत समारोह में कुल 62,537 विद्यार्थियों को डिग्री तथा 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी.

AKTU convocation
AKTU का 24वां दीक्षांत समारोह. (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 7, 2026 at 9:14 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) का 24वां दीक्षांत समारोह आज विश्वविद्यालय परिसर स्थित पं. अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित होगा. समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति करेंगी.

समारोह में कुल 62,537 विद्यार्थियों को डिग्री तथा 53 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी. इसके अलावा 83 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 84 पदकों से सम्मानित किया जाएगा. इनमें 35 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य पदक शामिल हैं. पदक प्राप्त करने वालों में 52 छात्राएं और 31 छात्र हैं.

इस वर्ष चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यकम की छात्रा अंशिका राणा को दिया जाएगा.

वहीं, कमल रानी वरूण स्मृति स्वर्ण पदक केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम की छात्रा इशिका को मिलेगा.

समारोह में 62537 छात्रों को डिग्री एवं 53 छात्रों को पीएचडी की डिग्री अवार्ड होगी. कुल पदक पाने वालों में 52 छात्राएं तो 31 छात्र शामिल हैं। वहीं रोगन कला के कलाकार कंसारा आशीष शांतिलाल को डी लिट की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी.

समारोह में प्रसिद्ध रोगन कला कलाकार को डी.लिट. की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा.

पांच श्रेणियों में दिए जाएंगे स्टूडेंट स्टार्टअप अवॉर्ड

प्रदेश में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष भी दीक्षांत समारोह में पांच श्रेणियों में स्टूडेंट स्टार्टअप अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे. इनमें बेस्ट वूमेन-लेड स्टार्टअप, बेस्ट डीप टेक स्टूडेंट स्टार्टअप, बेस्ट टेक इनोवेशन स्टार्टअप, एग्रीकल्चर एंड एग्रीटेक स्टूडेंट स्टार्टअप तथा सस्टेनेबल एंड ग्रीन स्टार्टअप अवॉर्ड शामिल हैं.

बेस्ट वूमेन-लेड स्टार्टअप अवॉर्ड के लिए स्टार्टअप कंपनी में किसी महिला निदेशक की 25 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी होना अनिवार्य है. डीप टेक अवॉर्ड नई तकनीक आधारित स्टार्टअप को दिया जाएगा, जबकि टेक इनोवेशन अवॉर्ड नवाचार, पेटेंट तकनीक और उत्पाद या सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत स्टार्टअप को मिलेगा. एग्रीटेक श्रेणी का पुरस्कार कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों पर कार्य करने वाले स्टार्टअप को दिया जाएगा.

उल्लेखनीय है कि AKTU प्रदेश का पहला तकनीकी विश्वविद्यालय है जिसने विद्यार्थियों में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए दीक्षांत समारोह में स्टूडेंट स्टार्टअप अवॉर्ड की शुरुआत की है.

पुस्तकों का विमोचन और सामाजिक सरोकार भी होंगे केंद्र में

समारोह के दौरान कुलाधिपति विश्वविद्यालय के शिक्षकों द्वारा लिखी गई पुस्तकों का विमोचन भी करेंगी. साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए छह गांवों के विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, कहानी कथन और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को सम्मानित किया जाएगा.

इस अवसर पर 10 बच्चों द्वारा पर्यावरण और जल संरक्षण पर आधारित गीत एवं अभिनय की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं बाल गृह बालिका, सिंधीखेड़ा की 15 बालिकाओं का दल पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत करेगा.

इसके अलावा पांच आंगनबाड़ी केंद्रों को सांकेतिक रूप से किट वितरित की जाएगी. दीक्षांत समारोह के बाद विश्वविद्यालय परिसर में 'मां-बेटी सम्मेलन' का भी आयोजन होगा.

तकनीकी शिक्षा में नए आयाम स्थापित कर रहा विश्वविद्यालय

विश्वविद्यालय लगातार तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता, शोध, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में कार्य कर रहा है. कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने अपने 25 वर्ष के इतिहास में पहली बार से पहले ही प्रयास में ए-प्लस ग्रेड प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है.

विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार अंतर्विषयी बीटेक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, वीएलएसआई सहित नई एवं उभरती तकनीकों पर आधारित पांच नए बीटेक कार्यक्रमों को छात्रों का बेहतर प्रतिसाद मिला है.

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप मेजर के साथ माइनर डिग्री की सुविधा शुरू की गई है. स्पेस टेक्नोलॉजी और क्वांटम टेक्नोलॉजी में भी माइनर डिग्री की शुरुआत की गई है. साथ ही उद्योगों के सहयोग से प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

नवाचार और उद्यमिता को मिलेगा नया विस्तार

छात्रों को रोजगार के साथ उद्यमिता की ओर प्रेरित करने के लिए विश्वविद्यालय ने नवाचार आधारित इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन इन्क्यूबेशन सेंटर' की स्थापना की जा रही है.

विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब को सेक्शन-8 कंपनी के रूप में विकसित किया गया है तथा नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए 100 करोड़ रुपये की इनोवेशन निधि बनाई गई है.

अनुसंधान और पेटेंट को बढ़ावा देने के लिए कलाम पेटेंट सेंटर की स्थापना की गई है. विश्वेश्वरैया रिसर्च प्रमोशन स्कीम के तहत शोधार्थियों की संख्या 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है. विश्वविद्यालय का लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रमुख हब बनना तथा विभिन्न क्षेत्रों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करना है.

इसके साथ ही विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है.