अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज, सात हजार करोड़ नहीं 70 हजार करोड़ भी खर्च कर दें छवि नहीं सुधरेगी
अखिलेश यादव ने कहा, हमारी सरकार बनने पर बंद स्कूलों को खुलवाएंगे. जातीय जनगणना भी कराई जाएगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 30, 2026 at 6:59 PM IST
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला. कहा कि जिस तरह से उत्तर प्रदेश में स्कूलों को बंद किया जा रहा है, बच्चों को शिक्षा से दूर किया जा रहा है, वह ठीक नहीं है. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही जो 26000 से ज्यादा स्कूल बंद किए गए हैं उन सभी को फिर से खोला जाएगा. यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही आबादी के हिसाब से तीन माह में गणना कराएंगे. सरकार की छवि पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए.
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे देश के लोगों की ये मांग रही है कि जातीय जनगणना हो. आबादी के हिसाब से उन्हें हक और सम्मान मिले. समाजवादी सरकार बनते ही तीन माह के अंदर गिनती कराने का काम करेंगे. भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जो लूट हो रही है, जो महाडकैती हो रही है उसका पैसा बचाकर हम लोग गरीबों को देने का काम करेंगे.
अखिलेश ने कहा कि हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि 26 हजार प्राइमरी स्कूल जो बंद कर रहे हैं, वो चालू किए जाएंगे. अगर साझेदारी न होती तो पर्दादारी क्यों हो रही है. भारतीय जनता पार्टी बड़े धन्ना सेठों की पार्टी है. गरीबों से पैसा लूटकर उनकी जेबों तक पहुंचाते हैं. एथेनॉल इसका उदाहरण है, चीनी महंगी हो रही है, लेकिन गाड़ियों में इस्तेमाल करना जरूरी है. गरीबों का यह पैसा अमीरों को जा रहा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि छवि सुधारने के लिए सात हजार करोड़ खर्च किया जा रहा, सच्चाई तो ये है कि 70 हजार करोड़ भी खर्च कर दें छवि सुधरने वाली नहीं है. PDA से उन्हें पेट दर्द है, क्योंकि हम प्रोग्रेसिव लोग हैं, डेवलपमेंट करना चाहते हैं, आगे बढ़ाना चाहते हैं. चौधरी चरण सिंह पहले नेता थे जिन्होंने किसानों के लिए संघर्ष किया. अगर भारतीय जनता पार्टी उनका सम्मान करती है तो हैंडपंप को तीन गुना सीटें दी जाएं.
अखिलेश ने कहा कि महाराजा खेत सिंह खंगार के समाज के लोगों को मैं भरोसा दिलाता हूं, जब कभी भी समाजवादी सरकार बनेगी उन्हें राजनैतिक सम्मान और स्थान देकर उनका मनोबल बढ़ाने का काम करेंगे.
यह भी पढ़ें : अमेरिका से लेकर रूस में ब्रज की पोशाक पहनेंगे कान्हा, 15 घंटे काम कर रहे मुस्लिम कारीगर, 1400 करोड़ का है कारोबार

