प्रयागराज में रोजा इफ्तार करने पहुंचे अखिलेश यादव; कहा- 2027 में बनेगी PDA की सरकार
अखिलेश यादव ने कहा कि सदियों से हम लोग एक-दूसरे से मिलकर रहे हैं. यहीं हमारे देश की पहचान है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 9:38 AM IST
प्रयागराज: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव प्रयागराज में पूर्व मंत्री सलीम शेरवानी की रोजा इफ्तार पार्टी में हुए शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मामले पर अखिलेश ने कहा कि हम उनके साथ हैं, क्योंकि उनका अपमान किया गया.
अखिलेश यादव ने कहा कि सदियों से हम लोग एक-दूसरे से मिलकर रहे हैं. यहीं हमारे देश की पहचान है. हमें मिलजुल कर त्योहार मनाना चाहिए. यही वजह है कि हम प्रयागराज में रोजा इफ्तार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं.
शंकराचार्य के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि हमें उम्मीद थी कि कोर्ट से उन्हें न्याय मिलेगा. शंकराचार्य जी को कोर्ट से न्याय मिला है. यह बीजेपी की साजिश है. दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को भी न्याय मिला है.
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है. सामाजिक न्याय की राष्ट्रीय स्थापना के लिए पीडीए सरकार बनने जा रही है. प्रयागराज के नामकरण पर कहा कि इतिहास कभी बदलता नहीं है. इलाहाबादी अमरूद आज भी इलाहाबादी अमरूद है. प्रयागराज अमरूद नहीं बन पाया है.
मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि लोग विदाई के बाद घूमने जाते हैं. यह ऐसी सरकार है, जो विदाई के पहले ही घूमने चली गई. एक जापान जो रहे हैं, दूसरा जर्मनी जा रहा है. दोनों इंजन टकरा रहे हैं. मुख्यमंत्री के खिलाफ डिप्टी सीएम साजिश कर रहे हैं.
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने तय किया है की हर जिले का अपना-अपना मेनिफेस्टो बनेगा. बीजेपी हटेगी तो रोजगार मिलेगा और महंगाई कम होगी. विकास होगा और प्रदेश खुशहाल बनेगा.
प्रयागराज में 10 सालों में विकास के लिए 60 हजार करोड़ रुपया पैसा खर्च हुआ है. यहां लूट हुई, बेईमानी हुई लेकिन विकास नहीं हुआ. जब सपा सरकार बनेगी तब प्रयागराज अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनेगा.

