ETV Bharat / state

पीएम मोदी को काले कपड़े दिखा विरोध करने की घोषणा पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष समेत तीन पदाधिकारी हिरासत में

यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा को पहले घर में ही हाउस अरेस्ट रखा गया. बाद में पुलिस अपने साथ ले गई.

Youth Congress president detained
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष हिरासत में (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 27, 2026 at 3:15 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा को शुक्रवार को उनके घर से पुलिस ने हिरासत में लिया है. गुरुवार को मल्होत्रा ने 28 फरवरी को अजमेर आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी का काले कपड़े दिखाकर विरोध करने की घोषणा की थी. विरोध को थामने के लिए पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है. मल्होत्रा को काफी देर तक उनके घर में ही हाउस अरेस्ट रखा गया. इसके बाद पुलिस उन्हें जीप में बैठकर अपने साथ ले गई. मल्होत्रा के साथ यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी सागर मीणा और अकबर को भी हिरासत में लिया गया. संभवत मल्होत्रा समेत तीनों को पाबंद किया जाएगा.

यूथ कांग्रेस के सचिव सागर मीणा ने बताया कि यूथ कांग्रेस ने गुरुवार को जिला मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था. इस दौरान यूथ कांग्रेस की ओर से 28 फरवरी को अजमेर आ रहे पीएम नरेंद्र मोदी का विरोध करने की घोषणा की गई थी. शुक्रवार को पुलिस रामगंज क्षेत्र के सुभाष नगर में यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा के घर पहुंच गई. किशन गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण और एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी भी साथ में थे. मीणा ने बताया कि पहले मोहित मल्होत्रा को घर में ही हाउस अरेस्ट किया गया था. इसके बाद चार-पांच यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों को भी हिरासत में लेने की पुलिसकर्मी बात करने लगे. कुछ देर बाद ही पुलिस ने मोहित मल्होत्रा को घर से निकालकर पुलिस जीप में बैठा कर कही ले गए.

यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी डिटेन (ETV Bharat Ajmer)

पढ़ें: यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर बोले पार्टी कार्यकर्ता, 'अजमेर में पीएम मोदी को दिखाएंगे काले झंडे'

यूथ कांग्रेस के महासचिव पंकज बैरवा ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर आ रहे हैं. यूथ कांग्रेस पीएम मोदी का विरोध कर रही है. बैरवा ने बताया कि मोहित मल्होत्रा को उनके घर से पुलिसकर्मी जबरन जीप में बैठ कर ले गए. बैरवा ने बताया कि यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष के साथ महासचिव सागर मीणा और यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव अकबर को भी हिरासत में लिया गया है. उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता रामगंज थाने के बाहर एकत्रित हो रहे हैं और पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे. इधर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने भी चुप्पी साध ली है. कार्रवाई में शामिल किशनगंज अरविंद चारण भी मामले में कुछ नही बोल रहे.