ETV Bharat / state

“मैंने कोई गलत या विवादित बयान नहीं दिया, बेवजह बौखला रहे हैं बीजेपी के मंत्री”, अजय सिंह चौटाला ने दी सफाई

अजय सिंह चौटाला ने अपने बयान पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि, "बेवजह बीजेपी के मंत्री बौखला रहे हैं."

Ajay Chautala Clarifies Statement
अजय सिंह चौटाला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : January 3, 2026 at 5:08 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सिरसा: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने महेंद्रगढ़ में दिए गए अपने बयान को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि, "मेरे बयान में कुछ भी गलत या आपत्तिजनक नहीं था. बीजेपी के मंत्री बिना वजह हमारे बयान पर आपत्ति जता रहे हैं. जानबूझकर इसे विवाद का रूप दिया जा रहा है."

बीजेपी मंत्रियों पर बोला हमला: अजय सिंह चौटाला ने आगे कहा कि, "सरकार के कई मंत्री उनके बयान को लेकर “पागल” हो रहे हैं, जबकि देश के असल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है. महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े गंभीर सवालों पर बात करने के बजाय बीजेपी नेता बेवजह बयानबाजी में उलझे हुए हैं."

अपने बयान पर दी सफाई: चौटाला ने अपने बयान पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि, मैंने केवल पड़ोसी और अन्य देशों के हालातों का जिक्र किया था कि दुनिया के कई देशों में यह देखा गया है कि जब जनता पर अत्याचार बढ़ता है, तब लोग संगठित होकर शासकों के खिलाफ खड़े होते हैं और तख्तापलट जैसी परिस्थितियां बनती हैं. मैं आज भी अपने बयान पर कायम हूं."

देश के हालात पर जताई चिंता: जेजेपी अध्यक्ष ने आगे कहा कि, "आज देश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान परेशान हैं और आम जनता पर दबाव बढ़ रहा है. ऐसे में अब समय आ गया है कि नौजवान संगठित हों और बदलाव के लिए आगे आएं. देश में बदलाव लाने की ताकत केवल युवाओं के पास है.आने वाले समय में नौजवान ही निर्णायक भूमिका निभाएंगे. इतिहास गवाह है कि जब भी देश में परिवर्तन आया है, उसमें युवाओं की अहम भूमिका रही है."

अजय सिंह चौटाला ने दी सफाई (ETV Bharat)

आपातकाल का दिया उदाहरण: अजय सिंह चौटाला ने कांग्रेस शासनकाल के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि, "उस दौर में जनता पर अत्याचार हुआ था, लेकिन उसी समय देश में क्रांति की लहर उठी और बदलाव आया. आज एक बार फिर देश को बदलाव की जरूरत है और जनता इस बदलाव के लिए तैयार है."

आरएसएस पर गंभीर आरोप: अजय सिंह चौटाला ने आरएसएस पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि, "आज देश की लगभग सभी संवैधानिक संस्थाओं पर आरएसएस का कब्जा हो चुका है. शिक्षण संस्थानों को भी नहीं छोड़ा गया है और वहां भी आरएसएस का प्रभाव साफ तौर पर देखा जा सकता है."

चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी का जिक्र: सिरसा की चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी का उदाहरण देते हुए डॉ. चौटाला ने कहा कि, "वहां भी आरएसएस का प्रभाव है. यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर आरएसएस से जुड़े लोगों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है."

कांग्रेस पर तीखा हमला: अजय सिंह चौटाला ने कांग्रेस पर भी जोरदार हमला बोला और उसे बीजेपी की “बी-टीम” करार दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि देश की मुख्य विपक्षी पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस अपनी भूमिका क्यों नहीं निभा पा रही है. उन्होंने कहा कि, "कांग्रेस की कमजोर भूमिका का सीधा फायदा बीजेपी को मिल रहा है.कांग्रेस ने जरूरी जनहित मुद्दों को छोड़कर अविश्वास प्रस्ताव पेश किया और वोटिंग के समय वॉकआउट कर गई.इससे साफ है कि कांग्रेस न तो गंभीर है और न ही जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहती है."

बीजेपी सरकार के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया: अजय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि अगर आज हरियाणा में बीजेपी की सरकार है, तो इसके लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि, "कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और फैसलों का नुकसान प्रदेश की जनता को उठाना पड़ रहा है."

परिवार की एकजुटता पर बोले चौटाला: परिवार के एकजुट होने के सवाल पर डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि, "राजनीति में भविष्य के गर्भ में क्या छुपा है, यह कोई नहीं जानता. राजनीति में कुछ भी संभव है और समय के साथ परिस्थितियां बदलती रहती हैं."

ये भी पढ़ें:अजय चौटाला का विवादित बयान, "बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका की तरह इन शासकों को गद्दी से उतार कर सड़कों पर दौड़ाकर पीटना पड़ेगा."