अजय राय बोले- ब्राह्मण समाज के सम्मेलन से भागे दिनेश शर्मा, अब जनता भाजपा को सत्ता से करेगी बाहर
अजय राय ने कहा, भाजपा घबराई हुई है, इसीलिए हमारे अनुसचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन को एयरपोर्ट से आगे नहीं जाने दिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 6:04 PM IST
|Updated : March 1, 2026 at 7:07 PM IST
लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा. अजय राय ने कहा, शनिवार को ब्राह्मण समाज के सम्मेलन में पूर्व डिप्टी सीएम व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा विरोध बर्दास्त नहीं कर पाए और भाग गए. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी घबराए हुए थे. ब्राह्मण समाज में भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी है. 2027 चुनाव में जनता इनको सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाकर जबाव देगी.
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है, इसीलिए हमारे अनुसचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन को अचानक बिना बताए एयरपोर्ट से आगे नहीं जाने दिया. कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूरों और किसानों के साथ खड़ी रही है. दो दिन बाद होली का त्योहार है, लेकिन मनरेगा मजदूरों का, कर्मियों का, मिस्रियों का, आपूर्ति कर्ताओं का भुगतान नहीं किया गया. क्या यह सब लोग भूखे पेट त्योहार मनाएंगे?
सरकार को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम : अजय राय ने कहा, कुल 1600 करोड़ रुपये बाकी है. 10 दिनों के अंदर मनरेगा मजदूरों और कर्मियों का भुगतान सरकार नहीं करती है, तो प्रदेशव्यापी आन्दोलन किया जाएगा. भाजपा सरकार यह न समझे कि गरीबों की आवाज दबा दी जायेगी. इस सरकार की प्रशासनिक विफलता का अलम यह है कि मुख्यमंत्री ने 2021 में मनरेगा कर्मियों की बेहतरी के लिए कुछ योजनाएं घोषित की थीं, जिसमें 24 आकस्मिक अवकाश व 12 चिकित्सा अवकाश था.
सीएम करते हैं झूठा वादा : 2024 में आरटीआई के माध्यम से पूछा गया, तो विभाग ने कहा कि हमारे पास ऐसा कोई आदेश नहीं आया है. मुख्यमंत्री गरीबों, मजदूरों से झूठा वादा करते हैं और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं. मनरेगा मजदूरों के अलावा तमाम आउटसोर्सिंग कम्पनियों के कर्मचारियों, मजदूरों को भी अभी तक भुगतान नहीं हुआ है, जबकि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट घोषणा किया है कि होली के पहले सभी कर्मचारियों के वेतन का भुगतान कर दिया जाए.
आरपी गौतम बोले- मुझे गोरखपुर जाने से रोका गया : अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन आरपी गौतम ने कहा, आज गोरखपुर के चौरी चौरा में दलित सम्मान समारोह का आयोजन होना था, जिसमें शामिल होने के लिए मुझे लखनऊ एयरपोर्ट से गोरखपुर जाना चाहता था, लेकिन मुझे पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट से बाहर आते ही रोक लिया. पूछने पर बताया कि कार्यक्रम की अनुमति को रात में ही रद कर दिया गया.
संवैधानिक अधिकारों का हनन : कारण पूछने पर बताया कि आगामी होली के त्योहार के कारण यह अनुमति रद्द कर दी गई, इसलिए आप वहां नहीं जा सकते, जबकि इस जनसभा की अनुमति संवैधानिक तरीके से ली गई थी, फिर अचानक मुझे रोकना हमारे संवैधानिक अधिकारों का हनन है. क्या अनुमति लेकर सभा करना असंवैधानिक है? दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की समस्याओं पर चर्चा करना उनके अधिकारों के लिए लड़ना क्या असंवैधानिक है?
यूपी में जंगलराज : उन्होंने कहा, होली तो सिर्फ एक बहाना है. आज उत्तर प्रदेश में दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहे हैं इसलिए सभी वर्ग भाजपा से मुक्त होने के लिए छटपटा रहे हैं. उत्तर प्रदेश में जंगलराज चल रहा है. सभी राजनेता, अधिकारी जनता के सेवक हैं, कोई संविधान के ऊपर नहीं है, लेकिन वर्तमान सरकार में मुख्यमंत्री और उनके कुछ लोग स्वयं को संविधान से ऊपर समझते हैं. सरकार हमारी आवाज को असंवैधानिक तरीके से दबा नहीं सकती. इस अत्याचार का जबाव सड़क और सदन में दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें :वाराणसी में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले- अब होगा धर्म युद्ध का शंखनाद, लखनऊ कूच की पूरी प्लानिंग बताई

