ETV Bharat / state

कानपुर में अजय राय बोले- इंसान को रोबोट समझ रही मोदी सरकार, वाराणसी में SIR के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

बीएलओ की मौत पर अजय राय ने सरकार पर निशाना साधा. वहीं वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से जमकर झड़प हुई.

कानपुर में अजय राय ने दी श्रद्धांजलि. वाराणसी में कांग्रेसियों का प्रदर्शन.
कानपुर में अजय राय ने दी श्रद्धांजलि. वाराणसी में कांग्रेसियों का प्रदर्शन. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : December 7, 2025 at 8:40 PM IST

|

Updated : December 7, 2025 at 10:36 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर/वाराणसी : यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रविवार को कानपुर पहुंचे. यहां उन्होंने SIR काम में लगे बीएलओ की मौत पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा, बीएलओ पर अनावश्यक रूप से दबाव बनाया जा रहा है. SIR काम में लगे लोग इंसान हैं, रोबोट या मशीन नहीं हैं. कम से कम 6 महीने का समय उन्हें मिलना चाहिए था.

वहीं वाराणसी में उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस ने SIR के विरोध में प्रदर्शन किया. सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस को घेर लिया. पुलिस ने रोका तो प्रदर्शनकारी झड़प करने लगे. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया. इस दौरान सभी ने 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे भी लगाए.

दबाव में कराया जा रहा SIR का काम : अजय राय पूर्व केंद्रीय मंत्री व कानपुर से तीन बार सांसद रहे श्री प्रकाश जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, मैं लगातार 13 जगह होकर आया हूं. मैंने अपनी यात्रा लखनऊ से शुरू की थी और उसके बाद जौनपुर, फतेहपुर, देवरिया, मुरादाबाद, संभल, बरेली, बिजनौर समेत अन्य जगहों पर होकर आया हूं. बीएलओ पर अनावश्यक रूप से दबाव बनाकर एक महीने में ही SIR का सारा काम कराना चाहते हैं.

सरकार नौकरी और मुआवजा दे : अजय राय ने कहा, 2002-03 में भी यह काम हुआ है और यह प्रक्रिया पूरी एक साल तक चली थी. हमारी मांग है कि SIR काम के लिए कम से कम 6 महीने का समय मिलना चाहिए. SIR के कारण जिन बीएलओ की मौत हुई है, उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद सरकार को करनी चाहिए.

फ्लाइट संकट सरकार का फेल्योर : देश में इंडिगो की फ्लाइट को लेकर चल रहे संकट पर उन्होंने कहा कि यह सरकार का बड़ा फेलियर है. डीजीसीए केंद्र सरकार के अधीन है इसका मतलब है कि मोदी सरकार फेल है. पूरे एयरलाइंस के इतिहास में इतना बड़ा संकट हिंदुस्तान में कभी नहीं आया. फ्लाइट के संकट के चलते जो दूल्हा दुल्हन शादी के बाद घूमने गए थे वह रिसेप्शन में नहीं पहुंच पाए और उनको वर्चुअल शामिल होना पड़ा. कुछ लोग इसी तरह अस्थियां लेकर जा रहे थे और वह लोग अस्थियां विसर्जित नहीं कर पाए. सरकार बताए जो दूल्हा दुल्हन शादी रिसेप्शन में शामिल नहीं हो पाए उनकी क्षतिपूर्ति कैसे होगी.

राहुल गांधी के बयान को यादि दिलाया : अजय राय ने राहुल गांधी के उस पुराने बयान को याद दिलाया, जिसमें राहुल ने कहा था कि किसी भी क्षेत्र में एक ही कंपनी का दबदबा होना ठीक नहीं है. उनका कहना था कि कॉर्पोरेट का विरोध करना मकसद नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि पूरा तंत्र केवल एक ही कंपनी पर निर्भर न हो. सरकार ने केवल इंडिगो एयरलाइंस को 64 से 65% हिस्सेदारी दे रखी है. यह जानबूझकर किया जा रहा है, जिससे पूरे देश के अंदर जो नियम था उस नियम को परिवर्तित किया जा सके. इस पूरी सरकार को इंडिगो ने न सिर्फ झुका दिया है, बल्कि नतमस्तक भी कर दिया है.

वाराणसी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया.
वाराणसी में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया. (Photo Credit; Varanasi Police)

वाराणसी में कांग्रेस का SIR के विरोध में प्रदर्शन : विपक्ष SIR के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरने की लगातार कोशिश कर रहा है. आज वाराणसी में उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (पूर्वी जोन) द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शास्त्री घाट पर एक जनाक्रोश सभा का आयोजन किया. प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की. पुलिस से हुए झड़प के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन पर आरोप भी लगाए.

उत्तर प्रदेश में भारत का संविधान नहीं चलता : कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा, इस देश में हर आदमी को अपना विरोध दर्ज कराने का पूर्ण अधिकार है. हमारा कार्यक्रम सिर्फ 'मतदाता जागरूकता एवं जन-अधिकार मार्च' पर आधारित था, जिसमें हम मतदाता को जागरूक करने का काम करने वाले थे. लेकिन प्रशासन ने तानाशाही रवैया दिखाते हुए सभी को हाउस अरेस्ट कर लिया.

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारत का संविधान नहीं चलता है. हम कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन से लगभग 15 दिनों से अनुमति मांग रहे थे, लेकिन उन्होंने परमिशन नहीं दी. हमें इसका कारण भी नहीं बताया गया.

ADCP वरुणा जोन नीतू कात्यान ने कहा, आज परीक्षा है. ये लोग बिना परमिशन के 144 धारा लगने के बाद भी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. जब उन्हें समझाया गया तो वो माने नहीं. इसलिए उन्हें दूसरे जगह भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि 60 से 70 की संख्या में लोग मौजूद थे.

यह भी पढ़ें : प्रदूषण को खत्म करने का वैज्ञानिकों ने खोज निकाला विकल्प, जानिए कैसे माइक्रो और नैनोप्लास्टिक से बनेगा केमिकल वाटर

Last Updated : December 7, 2025 at 10:36 PM IST