प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री अजेय कुमार की जयपुर में 'दस्तक', पंचायत-निकाय चुनाव पहली अग्नि परीक्षा
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार जयपुर पहुंचे और मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन के बाद कार्यभार संभाला.

Published : June 6, 2026 at 5:22 PM IST
जयपुर: राजस्थान भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने शनिवार को औपचारिक रूप से प्रदेश संगठन का कार्यभार संभाल लिया है. भाजपा प्रदेश कार्यालय के कमरा नंबर-6 में उनका दफ्तर होगा. इसी कमरे से पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी संगठनात्मक कार्यों का संचालन करते थे. उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने के अपने अनुभव के साथ राजस्थान पहुंचे अजेय कुमार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में भाजपा को जीत दिलाना होगी. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की और वर्तमान में चल रहे संगठनात्मक अभियानों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
गजानन श्री गणेश जी के दर्शन से शुरू हुआ काम: जयपुर पहुंचने पर एयरपोर्ट से सीधे अजेय कुमार ने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में दर्शन कर प्रदेश में अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत की. इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर महिला मोर्चा की ओर से पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया गया. कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. राजस्थान में अजेय कुमार के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगी, साथ ही आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में भाजपा को मजबूत प्रदर्शन के साथ जीत दिलाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड से राजस्थान भेजे गए अजेय कुमार के कंधे पर बड़ी 'जिम्मेदारी', तबादले पर क्या कहते हैं विशेषज्ञ जानिये
अजेय कुमार के सामने चुनौतियां
- भाजपा प्रदेश कार्यालय के कमरा नंबर-6 से करेंगे संगठनात्मक कार्यों का संचालन.
- संगठन और भजनलाल सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बड़ी चुनौती.
- आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करना प्रमुख लक्ष्य.
- स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों को 2028 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है.
- बूथ सशक्तिकरण, अभियान और संगठन विस्तार पर रहेगा विशेष फोकस.
- केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर.
- उत्तराखंड में संगठन मजबूत करने और सरकार रिपीट कराने का अनुभव का क्या राजस्थान भाजपा को मिलेगा लाभ ?
- भाजपा का बड़ा लक्ष्य-हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन की परंपरा तोड़कर 2028 में सरकार दोहराना.
- पंचायत और निकाय चुनावों के परिणाम भाजपा की भविष्य की चुनावी रणनीति तय करेंगे.
पंचायत-निकाय चुनाव सेमीफाइनल परीक्षा: प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद यह पहला मौका होगा जब संगठन के नए रणनीतिकार के नेतृत्व में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव लड़े जाएंगे. राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावों को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की सेमीफाइनल परीक्षा माना जा रहा है. ऐसे में अजेय कुमार की कार्यशैली और चुनावी रणनीति पर प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व की भी नजर रहेगी. कार्यभार संभालने के साथ ही अजेय कुमार प्रदेश पदाधिकारियों, संगठन प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक शुरू कर शुरू कर दी. इन बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सक्रिय सदस्यता, केंद्रीय अभियान, सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हो रही है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल के बाद अब संगठन और सरकार के बीच तालमेल को और मजबूत करने की आवश्यकता है. पंचायत और निकाय चुनावों के परिणाम ही यह तय करेंगे कि भाजपा की सरकार के प्रति जनता का रुझान कितना मजबूत है.

इसे भी पढ़ें- अजेय कुमार होंगे राजस्थान भाजपा के नए प्रदेश संगठन महामंत्री, नियुक्ति आदेश जारी
सरकार दोहराने का लक्ष्य: आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को भाजपा नेतृत्व अजेय कुमार की पहली बड़ी परीक्षा के रूप में देख रहा है. इन चुनावों के परिणाम न केवल संगठन की ताकत का आकलन करेंगे, बल्कि 2028 के विधानसभा चुनावों की रणनीति की दिशा भी तय करेंगे. भाजपा का लक्ष्य प्रदेश में हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन की परंपरा को तोड़ते हुए सरकार की पुनरावृत्ति करना है. ऐसे में आने वाले दिनों में अजेय कुमार की रणनीति, संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी प्रबंधन पर सभी की नजरें रहेंगी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संगठन महामंत्री के आने से आगामी पंचायत निकाय चुनाव हो या फिर 2028 की सरकार दोहराने की बात, मजबूती से अब संगठन काम करेगा. उनके अभुव और मार्गदर्शन से भाजपा मजबूती से आगे बढ़ेगी.

संगठन को मिलेगी मजबूती: अजेय कुमार को संगठनात्मक दृष्टि से बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता संवाद और चुनावी माइक्रो मैनेजमेंट का विशेषज्ञ माना जाता है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संगठन महामंत्री के आगमन को लेकर कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का आभर जिन्होंने हमें अनुभव भी संगठन महामंत्री दिया. हमारे लिए खुशी बात है. संगठन को सुदृढ़ करने में भूमिका निभाएंगे. पार्टी अब और मजबूत,सक्षम बनेगी. राठौड़ ने कहा कि अब मुझे अब प्रदेश में और घूमने का मौका मिलेगा. उत्तराखंड में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ वहां पार्टी की चुनावी सफलता और सरकार की पुनरावृत्ति में निभाई गई उनकी भूमिका को देखते हुए राजस्थान में भी उनसे बड़ी अपेक्षाएं हैं. प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ भाजपा के जनाधार को और मजबूत करना होगी.
इसे भी पढ़ें- मदन राठौड़ का हनुमान बेनीवाल पर तीखा हमला, बोले- विष के पौधे को पानी नहीं पिलाना चाहिए

