ETV Bharat / state

55 करोड़ की ठगी के मामले में प्रार्थी के पैसे से हवाई यात्रा, आईजी ने टीआई समेत 8 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

कोरबा में कुल 8 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है. आईजी ऑफिस से यह एक्शन हुआ है.

KORBA POLICE
कोरबा पुलिस (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : August 19, 2026 at 11:07 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोरबा: जिले के कटघोरा थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों की कार्यशैली से खाकी पर दाग लगा है. दरअसल 55 करोड़ रुपए के भारी भरकम राशि की ठगी के आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस कर्मियों ने न सिर्फ नियमों को दरकिनार किया. बल्कि सूचना यह है कि हवाई यात्रा के लिए फ़्लाइट के पैसे भी प्रार्थी से लिए गए.

हवाई यात्रा करना अब कटघोरा थाने के टीआई और पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है. बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति के हवाई यात्रा कर दिल्ली जाने के मामले में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक एमबी पटेल समेत 8 पुलिसकर्मियों को आईजी ने निलंबित कर दिया है.कबाड़ से जुड़े प्रकरण में टीआई एमबी पटेल सहित कुछ अन्य पुलिसकर्मियों पर 2 दिन पहले ही कार्रवाई हुई थी. अब उनका नाम इस हवाई यात्रा वाले प्रकरण में भी जुड़ गया है.

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी पुलिसकर्मियों के हवाई यात्रा मामले में जानकारी देते हुए (ETV Bharat Chhattisgarh)

आईजी स्तर से जांच के बाद हुई कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई बिलासपुर आईजी स्तर से जांच के बाद हुई है. पूरा मामला कटघोरा थाने में दर्ज एक ठगी के मामले से जुड़ा हुआ है. जेसीबी कंपनी की डीलरशिप देने के नाम पर ठगी का आरोप है. इस मामले में शिकायतकर्ता व प्रार्थी गौरव मोदी ने शिकायत की थी कि डीलरशिप के नाम पर 55 करोड़ रुपए लिए गए हैं.

इसी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कटघोरा पुलिस की टीम का दिल्ली जाना प्रस्तावित था. नियमतः पुलिस की टीम को ट्रेन के जरिए यात्रा कर दिल्ली जाना चाहिए था. तत्काल श्रेणी में रिजर्वेशन नहीं मिलने पर प्रार्थी से हवाई यात्रा की टिकट बुक कराने का आरोप है. हवाई यात्रा कर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची. वापस लौटने पर उन्होंने प्रार्थी को यह बताया कि ठगी का आरोपी फरार है, जिसकी पतासाजी जारी है.

आठ पुलिसकर्मियों को किया गया सस्पेंड

बिलासपुर रेंज के आईजी स्तर से जांच के बाद निरीक्षक एमबी पटेल, सहायक उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, आरक्षक प्रदीप राठौर, आरक्षक सुशील यादव और आरक्षक प्रशांत सिंह को सस्पेंड किया गया है. पुलिस टीम की हवाई यात्रा की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले की जांच कराई गई थी. इसी जांच में प्रथम दृश्टय बिना अनुमति हवाई यात्रा करने और नियमों का पालन नहीं करने की बात सामने आई है. जांच के दौरान न सिर्फ हवाई यात्रा बल्कि अन्य लापरवाही बरतने की भी सूचना है.

आईजी ऑफिस से हुई कार्रवाई

एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि ठगी के एक प्रकरण में बिना अनुमति हवाई यात्रा करने के मामले में कटघोरा थाने के पांच और तीन अन्य जो पहले से निलंबित हैं. कुल आठ पुलिसकर्मियों के खिलाफ आईजी कार्यालय से कार्रवाई हुई है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. जिसके पूर्ण होने पर पूरी जानकारी विस्तार से साझा की जाएगी.

तीन साल के मासूम बेटे की हत्या, आरोपी पिता को उम्र कैद की सजा, धमतरी जिला कोर्ट का फैसला

किसानों की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर एक्शन, दुर्ग में रेट से ज्यादा में खाद बेचने वाला गिरफ्तार, धमतरी में भी एक्शन