हवाई सेवा की खुशखबरी, अंबिकापुर से दिल्ली की उड़ान, अलायंस एयर ने जारी किया शेड्यूल
सरगुजा वासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. अंबिकापुर से दिल्ली की हवाई सेवा जल्द शुरू हो सकती है. पढ़िए ये रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 20, 2026 at 3:57 PM IST
देश दीपक गुप्ता की रिपोर्ट
सरगुजा : अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा 30 मार्च से शुरू हो सकती है. एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को फ्लाइट चलाएगी. यह उड़ान बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी, वर्तमान में एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली तक हफ्ते में तीन दिन सेवा दे रही है.
एलायंस एयर ने लिया जायजा
दो साल पहले एलायंस एयर कंपनी के अधिकारी अंबिकापुर आकर एयरपोर्ट की सुविधाओं का जायजा ले चुके हैं. एलायंस एयर 72 सीटर ATR विमान का ट्रायल रन यहां किया गया और अब 72 सीटर ATR का शेड्यूल कंपनी ने जारी किया है. मार्च से अंबिकापुर से दिल्ली तक हवाई सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी.
अंबिकापुर से उड़ान योजना का विस्तार
अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में हवाई सेवा प्रारम्भ की गई थी. उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने मां महामाया एयरपोर्ट से रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी. अनियमित उड़ान के कारण यह सेवा केवल छह महीने तक ही चल सकी, बीते छह महीने से फ्लाई बिग का संचालन पूरी तरह बंद है. सरगुजा वासी खासे मायूस थे लेकिन इस बीच एक अच्छी खबर मिली है. अब देखना यह होगा की क्या वाकई मार्च में सरगुजा से दिल्ली तक हवाई सफर शुरू हो सकेगा.

हवाई सेवा के लिए सरगुजा सांसद की अहम भूमिका
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज हवाई सेवा शुरू कराने के लिए लगातार दिल्ली में प्रयासरत रहे हैं. उन्होंने इंडिगो के साथ भी कुछ दिन पूर्व बैठक की थी. इस मौके पर उन्होंने कहा कि एलायंस एयर की हवाई सेवा शुरू हो रही है.
इंडिगो के साथ भी चर्चा हुई है और दो बार मुख्यमंत्री के साथ बैठक हो चुकी है. दिल्ली तक फ्लाइट होने से सरगुजा के लोगों को बड़ी सौगात मिलेगी. भविष्य में इंडिगो रायपुर से अंबिकापुर होते हुए प्रयागराज तक उड़ान शुरू करने की दिशा में भी प्रयास कर रही है. इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से भी चर्चा हुई है- चिंतामणि महाराज, बीजेपी सांसद, सरगुजा
हवाई सेवा पर सरगुजा कलेक्टर ने जताई खुशी
सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि अभी जो एयरपोर्ट डायरेक्टर हैं उनके द्वारा मेरे संज्ञान में यह लाया गया है. अलायंस एयर ने अंबिकापुर, बिलासपुर, नई दिल्ली इस रूट के लिए उनसे अप्रूवल मांगा है. एयरपोर्ट के द्वारा अप्रूवल दिया जा रहा है. इस अप्रूवल मिलने के बाद उम्मीद की जा रही है कि आने वाले माह में इस विमान सेवा का इस रूट पे परिचालन प्रारंभ हो पाएगा. मेरे पास अभी तक जैसी सूचना है कि ये एलायंस एयर की जो एक स्टैंडर्ड विमान होती है वो विमान है और उसके द्वारा ही अभी परिचालन किया जाना संभव हो सकेगा.
सरगुजा और अंबिकापुर अंचल से हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार लोगों को काफी दिनों से है. इस बीच अंबिकापुर से दिल्ली तक हवाई सेवा की शुरुआत होने से लोगों को काफी फायदा होगा.

