सिलीगुड़ी में ट्रेन की चपेट में आने से एयरफोर्स सार्जेंट की मौत; पैतृक गांव लाया गया पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
सीओ अंशु जैन ने बताया कि पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 6:33 PM IST
बागपत : रमाला थाना क्षेत्र के बरवाला गांव के रहने वाले और एयरफोर्स में सार्जेंट के पद पर तैनात सुमित तोमर (36) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. मंगलवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित बागडोगरा रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार देर रात उनका निधन हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया. जहां गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया.
सीओ अंशु जैन ने बताया कि एयरफोर्स में सार्जेंट सुमित तोमर जोकि बरवाला गांव के रहने वाले थे, उनकी सिलीगुड़ी में ट्रेन की चपेट में आने से दुखद मृत्यु हो गई. गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया.
परिजनों के मुताबिक, सुमित तोमर सिलिगुड़ी के बागडोगरा क्षेत्र में एयरफोर्स में सार्जेंट के पद पर तैनात थे. मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन तत्काल सिलीगुड़ी पहुंच गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था. बुधवार देर रात उनके निधन की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
परिजनों के मुताबिक, पिता उदयवीर तोमर गांव में रहकर खेती करते हैं. सुमित दो भाइयों में बड़े थे, जबकि छोटा भाई विनीत दिल्ली में नौकरी करता है. पति और पिता की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे.
परिजनों को ढांढस बंधाते हुए ग्रामीणों ने सुमित के अंतिम दर्शन किए और उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी. इसके बाद गमगीन माहौल में सुमित तोमर का अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और परिचित शामिल हुए.

