ETV Bharat / state

गोरखपुर में एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह: माथाबारी के सरस्वती गुरुकुल में बोले- "सबसे पहले अच्छा इंसान बनें"

एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने कहा कि जीवन में किसी भी पद पर पहुंचने से पहले एक अच्छा इंसान बनना सबसे ज्यादा जरूरी है.

Photo Credit: ETV Bharat
वायुसेना प्रमुख का बच्चों को बड़ा संदेश: 'आप जीवन में जो भी बनें, सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनना जरूरी. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 10:28 PM IST

|

Updated : August 27, 2026 at 10:45 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गोरखपुर: गोरखपुर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर माथाबारी गांव में गुरुवार को एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह की मौजूदगी ने कई बड़े संदेश दिए. वह इस ग्रामीण क्षेत्र में अपनी पत्नी सरिता सिंह के साथ पहुंचे थे. यहां के सरस्वती गुरुकुल में पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया. गुरुकुल परिसर में बनाई गई नई लाइब्रेरी का शुभारंभ एयर चीफ मार्शल की पत्नी ने फीता काटकर किया.

ऑपरेशन सिंदूर का मंचन देखकर गूंजीं तालियां: ऑपरेशन सिंदूर के नायक के स्वागत में गुरुकुल के छात्र-छात्राओं ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का शानदार मंचन प्रस्तुत किया. इसमें पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई को दर्शाया गया.

गोरखपुर में एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह. (Video Credit: ETV Bharat)

बच्चों की यह साहसी और भावुक प्रस्तुति देखकर एयर चीफ मार्शल, उनकी पत्नी और वहां मौजूद अधिकारियों ने खूब तालियां बजाईं. इस दौरान पूरा परिसर भारत माता के जयकारों से गूंज उठा.

बच्चों को सबसे पहले एक अच्छा इंसान बनाएं: समारोह को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल ने कहा कि बच्चों को आप आगे चलकर जो भी बनाएं, लेकिन सबसे पहले उन्हें एक अच्छा इंसान बनना सिखाएं. अगर हम उन्हें अच्छा इंसान बना पाएंगे, तो वे जीवन में आगे जाकर जो भी कार्य करेंगे, बेहतरीन करेंगे. उन्होंने सुझाव दिया कि यदि हर बच्चे के नाम के आगे उसके सपने का सरनेम है, तो उसका मिडिल नेम 'इंसान' रख दिया जाए. उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी ही भारत का असली भविष्य है.

असफलता सफलता की सीढ़ी है, प्रयास न छोड़ें: वायुसेना प्रमुख ने कहा कि जीवन में सामान्यतः लोग असफल होने से बहुत डरते हैं. गिरना गलत नहीं है, लेकिन गिरकर दोबारा न उठना सबसे बड़ा अपराध है. असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी होती है, इसलिए प्रयास करना कभी बंद न करें. उन्होंने कहा कि आप रेस में प्रथम आएं यह जरूरी नहीं, बल्कि रेस में भाग लेना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है.

देश सेवा के लिए यूनिफॉर्म की जरूरत नहीं: उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप यूनिफॉर्म पहनें या न पहनें, देश सेवा हर परिस्थिति में कर सकते हैं. बड़े होकर आप जो भी क्षेत्र चुनें, अपना कुछ समय, प्रयास और संसाधन देश के विकास में जरूर लगाएं. जो संस्कार और नींव आज आपको मिल रही है, वही आपके भविष्य का निर्माण करेगी. अंक हासिल करने से ज्यादा ज्ञान और अच्छी सोच को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद: इस अवसर पर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष संजय सिंह श्रीनेत ने भी बच्चों को संबोधित करते हुए संस्कारों के महत्व पर बल दिया. माथाबारी की पावन भूमि पर पहली बार किसी सैन्य बल के शीर्ष अधिकारी के आगमन से ग्रामीणों और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था. कार्यक्रम में कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ सहित कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें- राखी पर रेलवे का तोहफा: प्रयागराज से शकूरबस्ती के बीच चलेगी 1 और स्पेशल ट्रेन, देखें पूरा शेड्यूल

Last Updated : August 27, 2026 at 10:45 PM IST