उज्जैन आया अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट का दोषी, बेगमबाग बना छावनी, चप्पे-चप्पे पर रही सुरक्षा
दो दिनों तक छावनी में तब्दील रहा उज्जैन का बेगमबाग एरिया, अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट के दोषी आतंकी मोहम्मद अबरार को लाया गया था उज्जैन. राहुल सिंह राठौड़ की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 12:55 PM IST
|Updated : July 6, 2026 at 1:43 PM IST
उज्जैन: अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट के दोषी आतंकी मोहम्मद अबरार को टाइट सिक्योरिटी के साथ रविवार को उज्जैन लाया गया. आतंकी अबरार को उसकी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए लाया गया था, जिसे देखते हुए उज्जैन के महाकाल क्षेत्र में आने वाले बेगमबाग एरिया में शनिवार से लेकर सोमवार तक कड़ी सुरक्षा तैनात की गई थी. शादी की रस्में खत्म होने के बाद आतंकी अबरार को लेकर पुलिस सोमवार सुबह उज्जैन से रवाना हो गई है.
छावनी में तब्दील हुआ उज्जैन का बेगमबाग एरिया
दरअसल, उज्जैन के थाना महाकाल क्षेत्र में आने वाले बेगमबाग में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पूरे एरिया को छावनी में तब्दील कर दिया गया. शनिवार से लेकर सोमवार सुबह तक सुरक्षा एजेंसिया अलर्ट मोड पर थीं. इसकी वजह है कि अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट के दोषी आतंकी मोहम्मद अबरार मनियार को उसकी बेटी के निकाह में शामिल होने के लिए उज्जैन लाया जाना था.

दोषी आतंकी अबरार को लगाया गया था उज्जैन
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि "न्यायालय की अनुमति मिलने के बाद गुजरात पुलिस आतंकी मोहम्मद अबरार मनियार को अहमदाबाद की साबरमती जेल से उज्जैन लेकर आई थी. उसी आदेश के तहत हमने भी यहां सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की. रविवार को बेटी के निकाह की रस्म पूरी होने के बाद सोमवार सुबह उसे फिर कड़ी सुरक्षा के बीच वापस साबरमती जेल रवाना कर दिया गया है."
कौन है आतंकी अबरार?
मोहम्मद अबरार मनियार साल 2008 के अहमदाबाद सीरियल बम धमाकों का दोषी है. जिसे कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. अहमदाबाद सीरियल बम धमाके देश के सबसे बड़े आतंकी हमलों में गिना जाता है. इस हमले में 56 लोगों की जान गई थी, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए थे. जांच के दौरान एंटी टेररिज्म स्क्वॉड ने देशभर से 50 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जिसमें 49 दोषियों को सजा सुनाई गई थी.

इनमें 38 दोषियों को फांसी और 11 को आजीवन कारावास दिया गया. जिनमें उज्जैन के 5 आरोपी शामिल थे. उसमें 3 को फांसी और 2 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. उज्जैन के आरोपियों में जिन्हें फांसी हुई, उसमें सफदर नागौरी, कमरुद्दीन चांद मोहम्मद नागौरी, आमिल परवेज के नाम है. वहीं शफीक अंसारी और मोहम्मद अबरार मनियार को आजीवन कारावास उम्रकैद की सजा सुनाई गई.

शफीक आया था पिछले साल
जून 2025 में दोषी मोहम्मद शफीक अंसारी को न्यायालय के आदेश पर अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने उज्जैन लाया गया था. तब भी शहर के थाना चिमनगंज क्षेत्र में उसके घर के यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. शफीक को जब उज्जैन लाया गया, तप गुजरात पुलिस द्वारा 16 पुलिस जवानों की एक टीम थी. जिसमें 2 एसपी, 2 टीआई और 12 पुलिस के अन्य अधिकारी व जवान.
- उज्जैन आया अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट केस का दोषी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा
- अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट का आतंकी शफीक अंसारी उज्जैन में, दो राज्यों की पुलिस ने घेरा
टीम के उज्जैन आते ही ये संख्या डबल हो गई थी. जिसमें उज्जैन के थाना जीवाजीगंज, थाना चिमनगंज पुलिस के अधिकारी व जवान शामिल हुए थे. कुल 33 पुलिस के अधिकारी और जवानों के बीच शफीक अपने मित्र नगर स्तिथ घर में 2 दिन रहा था. पुलिस कर्मियों ने घर के बाहर, अंदर, छत पर, पीछे सब जगह डेरा डाला हुआ थी. इसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था बीते शनिवार और रविवार को उज्जैन मोहम्मद अबरार मनियार के बेगमबाग निवास के यहां देखने मिली. गुजरात पुलिस, थाना महाकाल और पुलिस लाइन के बल की मौजूदगी में अबरार बेटी की शादी में शामिल हुआ.

2004 में भी आया था शफीक
मोहम्मद शफीक 2025 के पहले 8 माह पूर्व सितंबर 2024 में भी 5 दिन की पेरोल पर पारिवारिक कारणों के चलते उज्जैन लाया गया था. उस वक्त भी शफीक के घर के बाहर व अंदर व छत पर पुलिस का कड़ा पहरा देखा गया था.

