'जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं'- करनाल में कष्ट निवारण समिति की बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का सख्त संदेश
करनाल में कष्ट निवारण समिति की बैठक में 7 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया. वहीं 5 मामलों में जांच जारी है.

Published : June 26, 2026 at 5:53 PM IST
करनाल: स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने आमजन की शिकायतों और लंबित मामलों की विस्तार से सुनवाई की. बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनता की समस्याओं का समाधान पूरी पारदर्शिता और निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए.
मौके पर निपटे सात मामले: बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों और उनके समाधान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की. सुनवाई के दौरान सात मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि पांच मामलों को विस्तृत जांच के लिए अगली बैठक तक लंबित रखा गया. मंत्री ने कहा कि जनता को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने दिया जाएगा.
योजनाओं में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: मीडिया से बातचीत में श्याम सिंह राणा ने साफ कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए.

ड्रेन और नहरों की सफाई पर सख्त निगरानी: बरसाती मौसम को देखते हुए ड्रेनों और नहरों की सफाई के सवाल पर मंत्री ने कहा कि "जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखना बेहद जरूरी है. हालांकि सफाई कार्यों में सभी नियमों और मानकों का पालन होना चाहिए. यदि किसी ठेकेदार द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है तो उसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी.
जल और डीजल दोनों की बचत जरूरी: कृषि मंत्री ने संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि "डीजल और पानी दोनों ही देश और किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. डीजल मशीनों के संचालन के लिए आवश्यक है जबकि पानी जीवन और कृषि की आधारशिला है. इसलिए दोनों संसाधनों का जिम्मेदारी के साथ उपयोग और संरक्षण किया जाना चाहिए."
अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा: कांग्रेस विधायक से कथित फिरौती मांगने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि "सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है." उन्होंने कहा कि "कई बार अपराधी विदेशों में बैठकर ऐसी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, लेकिन हरियाणा सरकार और सुरक्षा एजेंसियां उन पर लगातार नजर रखे हुए हैं. अपराधी चाहे कहीं भी हों, उन्हें कानून के दायरे में लाकर सजा दिलाई जाएगी."
भगवंत मान के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े सवाल पर श्याम सिंह राणा ने कहा कि "हरियाणा और पंजाब के संबंध पारिवारिक और सामाजिक रूप से बेहद मजबूत हैं." उन्होंने कहा कि "ऐसे शब्दों और टिप्पणियों से बचना चाहिए जो रिश्तों की गरिमा को प्रभावित करें." उन्होंने कहा कि "घर-परिवार के लोगों के लिए सम्मानजनक भाषा का प्रयोग होना चाहिए."

