"कृषि विभाग का प्रयास, देश की जनता को सेहतमंद भोजन देना, किसानों की आय बढ़ाने पर भी सरकार का फोकस"- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
करनाल पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि "देश की जनता को सेहतमंद-ऑर्गेनिक भोजन देना, किसानों की आय बढ़ाना सरकार का मकसद है".


Published : January 8, 2026 at 4:56 PM IST
|Updated : January 8, 2026 at 5:14 PM IST
करनाल: देश की बढ़ती जनसंख्या की खाद्य जरूरतों को पूरा करने के लिए कृषि और बागवानी क्षेत्र को निरंतर सशक्त करना जरूरी है. इसी उद्देश्य को लेकर महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी करनाल द्वारा चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के सहयोग से केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान करनाल में दो दिवसीय बागवानी अधिकारियों की कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का शुभारंभ कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किया.
"किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस": कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि "बीते वर्षों में हुए अनुसंधान से किसानों के हित में अनेक उपयोगी तकनीकों का विकास हुआ है. सरकार की मंशा है कि कृषि से जुड़े हर विभाग में प्रगति हो और किसानों को अधिकतम सुविधाएं मिलें. पशुपालन, मछली पालन और बागवानी जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना सरकार की प्राथमिकता है. नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरकार जैविक खेती को भी प्रोत्साहित कर रही है".

"किसानों को हो रहा फायदा": कृषि मंत्री ने कहा कि व"र्ष 2014 के बाद से किसानों को उनकी फसल का सीधा लाभ मिलना शुरू हुआ. मंडियों में अनाज बिकते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान किसानों के खातों में पहुंच रहा है. सरकार ने 24 फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है और भावांतर भरपाई योजना के जरिए कम कीमत मिलने की स्थिति में किसानों को राहत दी जा रही है. “जिसका माल, उसी का पैसा” की नीति ने किसानों का भरोसा मजबूत किया है".

भविष्य का रोड मैप: इस कार्यशाला में प्रदेशभर से आए बागवानी अधिकारी, वैज्ञानिक और विभागाध्यक्ष भाग ले रहे हैं. यहां विकसित आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों में बागवानी से जुड़ी व्यवहारिक समस्याओं, उनके समाधान और आगामी अनुसंधान की दिशा पर गहन चर्चा की जाएगी. फल-सब्जी उत्पादन, मसाले व फूलों की खेती, कटाई के बाद प्रबंधन, पौध संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण विषय-वस्तुओं पर विशेषज्ञ प्रस्तुतियां देंगे. चर्चा के उपरांत ठोस सिफारिशों को अंतिम रूप दिया जाएगा.

कांग्रेस पर साधा निशाना: श्याम सिंह राणा ने कहा कि "भारतीय जनता पार्टी संगठन के बल पर सत्ता में आई है और यही वजह है कि पार्टी लंबे समय तक जनसेवा कर पा रही है". उन्होंने आरोप लगाया कि "कांग्रेस ने न तो पहले संगठन को मजबूती दी और न ही राज्यों के विकास पर गंभीरता से काम किया".
मनरेगा और राम नाम पर टिप्पणी: मनरेगा योजना में बदलाव के सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि "भारतीय संस्कृति में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत राम नाम से होती है. राम नाम में आस्था और सकारात्मकता है और इससे जुड़ी किसी भी योजना को देश का सौभाग्य माना जाना चाहिए".
कानून-व्यवस्था पर सरकार का रुख: अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि "सरकार अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. जब तक वारदातें होंगी, सरकार अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी".
ये भी पढ़ें: हरियाणा में कोहरा और शीतलहर का फसलों पर असर, आलू को नुकसान तो गेहूं-सरसों-सूरजमुखी के लिए वरदान बना मौसम
ये भी पढ़ें: नूंह में जलभराव से किसान परेशान, खेतों में फसल नहीं अब मछली पकड़ने को मजबूर, सरकार से मुआवजे की मांग

