ETV Bharat / state

आगरा के दृष्टिबाधित PHD बाबा का मिलिट्री अस्पताल में होगा इलाज, सेना साथ ले गई, NDA में प्रोफेसर रहने का किया था दावा

मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, वायरल पीएचडी बाबा की आंखों का आगरा के मिलिट्री अस्पताल में उपचार चल रहा है.

दृष्टिबाधित PHD बाबा को सेना साथ ले गई.
दृष्टिबाधित PHD बाबा को सेना साथ ले गई. (Photo Credit; Viral)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : May 5, 2026 at 3:56 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

आगरा : नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) खड़कवासला, पुणे में खुद को अंग्रेजी का प्रोफेसर बताकर चर्चा में आए दृष्टिबाधित डाॅ. संतोष गोयल का इलाज सेना अस्पताल में होगा. वीडियो वायरल होने के बाद दृष्टिबाधित पीएचडी बाबा को सेना अपने साथ ले गई.

मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि यह बात सही है कि 80 वर्षीय डॉ. संतोष गोयल नेशनल डिफेंस अकादमी के शिक्षक रहे हैं. आंखों की रोशनी जाने से उनकी नौकरी छूट गई थी. अब उनकी आंखों का आगरा के मिलिट्री अस्पताल में उपचार चल रहा है.

सेना के बोर्ड ने किया बाहर : वायरल वीडियो में दृष्टिबाधित पीएचडी बाबा दावा कर रहे हैं कि मैं अंग्रेजी का शिक्षक रहा हूं. नेशनल डिफेंस अकादमी में सेना के भावी अफसरों को अंग्रेजी पढ़ाता था. मैं सेना के अफसरों का गुरुजी हूं. मेरे पढ़ाए कैडेट अब सेना में कर्नल और जनरल तक बन गए होंगे. मगर, अचानक मेरी आंखों की रोशनी चली गई तो सेना के बोर्ड ने मुझे आउट कर दिया. मैंने खूब आंखों का इलाज कराया. मगर, आंखों की रोशनी वापस नहीं आई.

1971 में पीएचडी करने का दावा : वीडियो केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर आगरा के अपर आयुक्त अजय मिश्रा ने बनाया था. वीडियो में डॉ. संतोष गोयल दावा कर रहे हैं, सन 1971 में अंग्रेजी में पीएचडी की. इसके बाद मेरी सेना की एजुकेशन कोर में शिक्षक पद पर नौकरी लग गई. मैं नेशनल डिफेंस अकादमी खड़कवासला, पुणे में अंग्रेजी का शिक्षक था. मैं सेना में लेफ्टिनेंट और कर्नल बनने आए युवाओं को पढ़ाता था. करीब तीन साल तक वहां पर पढ़ाया. तभी अचानक मेरी आंखों की रोशनी जाने लगी तो सेना के बोर्ड से आउट हो गया. जिससे मेरी नौकरी चली गई.

मंदिर में रहकर बच्चों को पढ़ा रहे : वायरल वीडियो में सेना के अफसरों को पढ़ाने का दावा करने वाले डॉ. संतोष गोयल ने बताया कि मैं अब तंगहाली में हूं. न्यू आगरा थाना क्षेत्र में नगला पदी स्थित एक मंदिर में रहकर गुजर बसर करा रहा हूं. मेरे दांत उखड़ गए हैं. ऐसे में खाना नहीं पाता हूं. एक हलवाई के यहां पर मुझे खाने के लिए ढोकला और लड्डू मिल जाते हैं. मंदिर में जो भी बच्चे आते हैं हाई स्कूल, इंटर, बीए और एमए वाले. उन्हें अंग्रेजी पढ़ाता हूं.

शेक्सपियर के नाटक मर्चेंट ऑफ़ वेनिस, जूलियर सीजर के साथ मिल्टन और कीट्स की कविताओं को फ्री में पढ़ाता हूं. जो हाई स्कूल इंटरमीडिएट के स्टूडेंट्स आते हैं उन्हें एक्टिव पैसिव और अन्य पढ़ाता हूं. डॉ. संतोष गोयल दावा करते हैं कि यदि सेना में मेरी नौकरी 15 की पूरी हो जाती तो मुझे आज 70-80 हजार रुपये पेंशन मिल रही होती.

वायरल वीडियो पर याद आए गुरुजी : सोशल मीडियो पर बुजुर्ग पीएचडी बाबा डॉ. संतोष गोयल का वीडियो वायरल होने पर सेना हरकत में आई. सेना पुलिस की टीम डॉ. संतोष गोयल की तलाश में जुटी और उनके बताए मंदिर में पहुंची. सेना पुलिस टीम ने डॉ. संतोष गोयल से बात की. उनके किए दावों की हकीकत जानी और उन्हें तत्काल अपने साथ लेकर आए. डॉ. संतोष गोयल को आगरा के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह भी पढ़ें : बंगाल में 'खेला' का यूपी 2027 चुनाव पर क्या होगा असर? ममता की हार से योगी लगाएंगे जीत की हैट्रिक!