ETV Bharat / state

पति की लाश बाथरूम में दफनाकर रोज नहाती रही पत्नी; जानें हत्यारोपी पत्नी का खौफनाक सच

पुलिस रूबी और मृतक के मोबाइल की कॉल की डिटेल निकाल रही है. पिछले दिनों गूगल पर क्या-क्या सर्च किया गया?

पति की लाश बाथरूम में दफनाकर रोज नहाती रही पत्नी.
पति की लाश बाथरूम में दफनाकर रोज नहाती रही पत्नी. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 4, 2026 at 7:31 AM IST

|

Updated : July 4, 2026 at 10:18 AM IST

9 Min Read
Choose ETV Bharat

आगरा: नीले ड्रम और पहाड़ी से धक्का देकर पतियों की हत्या के बाद अब आगरा का बाथरूम कांड चर्चा में है. यहां पत्नी रूबी ने पति सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या करके उसे घर के बाथरूम में ही दफना दिया. वह रोज उसी बाथरूम में नहाती रही, ताकि किसी को शक न हो. जब लोग सुरेंद्र के बारे में पूछते, तब वह गायब होने का रोना रोने लगती.

45 दिनों तक पत्नी रूबी का यह ड्रामा चलता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी कि सुरेंद्र की हत्या हो चुकी है. आखिरकार रूबी की सारी चालाकी पर उसकी एक गलती भारी पड़ गई. बाद में उसने सास की पेंशन हड़पने को लेकर जेठ अनिल शर्मा से हुए विवाद में पति की हत्या करने की बात कबूली. पुलिस ने जब रूबी से पूछताछ की तो उसका खौफनाक खेल सामने आया.

बाथरूम खोदकर निकाली लाश: पुलिस ने जब बाथरूम की खुदाई कराई तो फर्श में दबे सुरेंद्र का कंकाल बरामद किया. पुलिस की पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसने क्राइम पेट्रोल और दृश्यम मूवी देखकर पति की हत्या की योजना बनाई थी. जिस बाथरूम में पति को दफनाया था. उसी में रोज नहाती थी. इधर, पिता की हत्या से दोनों बेटियां सदमे में हैं. दोनों मां को निर्दोष बता रही हैं. इसके साथ ही आरोपित भी बेटियां के भविष्य को लेकर चिंतित दिख रही है.

बाथरुम की खुदाई करके पुलिस ने शव निकलवाया. (Video Credit: Agra Police)

क्या है पूरा मामला: यह वारदात आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में दहतोरा की रेणुकाधाम कॉलोनी का है. यहां रहने वाली रूबी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा की हत्या करके लाश को बाथरूम में दफना दिया. इतना ही नहीं राजमिस्त्री बुलाकर बाथरूम का फर्श बनवाकर टाइल्स भी लगा दी थी. वह रोज उसी बाथरूम में नहाती थी. बाथरूम की खुदाई में सुरेंद्र का कंकाल निकला है. उसके कपडे गल गए थे. गले में रुद्राक्ष की माला और हाथ में कड़ा भी मिला है.

24 साल पहले आगरा आया था परिवार: शाहगंज थाना के वायुविहार निवासी ऑटो चालक अनिल शर्मा ने पुलिस को बताया कि मूलरूप से भरतपुर के रंजीत नगर के रहने वाले हैं. पिता राधेश्याम शर्मा इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे, जो 24 साल पहले रिटायर हुए. इसके बाद ​पिता आगरा आ गए. यहां पर सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रहने लगे. पिता राधेश्याम शर्मा का 14 साल पहले निधन हो गया.

इस पर शाहगंज के वायु विहार में जाकर रहने लगा और छोटा भाई सुरेंद्र रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार और मां कमला के साथ रहता था. भाई सुरेंद्र की शादी रूबी से 16 साल पहले हुई थी. दोनों की दो बेटियां प्राची (15) और सिद्धि (9) हैं. अभी 18 मई से सुरेंद्र की दोनों बेटियां और मां कमला मेरे साथ ही रह रही हैं.

आरोपी पत्नी ने क्या बताया: डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि पूछताछ में रूबी ने खुलासा है कि पति सुरेंद्र कुमार शर्मा शराब पीने के साथ ही नशे के लिए नींद की गोलियां भी खाता था. रूबी ने 18 मई को योजना बनाकर अपनी बेटियों और सास को जेठ अनिल के पास यह कहकर भेजा कि पुराने मामले में पुलिस दबिश दे रही है. इससे बच्चे और सास परेशान होंगे.

उसी रात पति के लिए खीर बनाई, जिसमें नींद की 16 से 20 गोलियां डाल दी. जब पति की मौत हुई तो उसे खींचकर बाथरूम में ले गई और फर्श की खुदाई करके उसमें शव दबा दिया. इसके बाद मिट्टी और गिट्टी मंगवाकर शव दफना दिया.

किसी को संदेह न हो, इसलिए राजमिस्त्री बुलाकर बाथरूम का पक्का फर्श करा दिया. 26 मई को पति की गुमशुदगी भी दर्ज करा दी. पति की हत्या करके जितने दिन घर में रही. आरोपी ने बताया कि जब कोई पड़ोसी, पति के बारे में पूछता तो दुखी होकर लापता होने की जानकारी देती और रोने भी लगती थी.

रूबी ने पुलिस को बताया कि पति सुरेंद्र की शराब वजह से अक्सर झगड़ा होता था. शराब पीकर पति पिटाई करता था. शराब पीने की लत से उसकी डिलीवरी बाय की नौकरी छूट गई. मैं घर में कपड़े सिलकर जो कमाती थी, उसे भी झगड़ा करके पति छीन लेता था. उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी थी.

पुलिस पूछताछ में आरोपित रूबी ने बार-बार बयान भी बदले. पहले कहा कि पति ने नींद की गोली खाकर आत्महत्या कर ली थी. बाद में कहा कि पति सुरेंद्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इससे मैं घबरा गई और उसका शव फंदे से उतारकर बाथरूम में दफना दिया था.

जब पुलिस ने बार बार बयान बदलने पर सख्ती की, तब रूबी ने पति की हत्या करना कबूला. बताया कि किसी को शक नहीं हो. इसलिए, घर में भी आराम से रह रही थी.

हत्यारोपी पत्नी रूबी.
हत्यारोपी पत्नी रूबी. (Photo Credit: Agra Police)

पेंशन के पैसे से गहराया संदेह: अनिल शर्मा ने पुलिस को बताया कि भाई सुरेंद्र गायब था. उसकी पत्नी रूबी ने मां की पेंशन नहीं निकालने की बात कही. मुझे संदेह हुआ तो मां को साथ लेकर भरतपुर गया. वहां पर बैंक से पता चला कि मां की पेंशन तो निकाली जा चुकी है. मां के बैंक खाते की पासबुक और डेबिट कार्ड भी रूबी के पास रहता था. मां को मिलने वाली 30 हजार रुपए की पेंशन में से 10 हजार रुपए ही मुझे देती थी.

मैंने रूबी से गुरुवार सुबह पेंशन निकालने और मुझे रुपए नहीं देने की बात कही. इस पर रूबी चुप हो गई. इसके बाद शुक्रवार सुबह 6 बजे फोन करके रूबी ने मुझे बुलाया. कहा कि पति घर पर हैं. आप आकर बात कर लो.

जब मैं भाई सुरेंद्र से बात करने उसके घर पहुंचा तो रूबी ने कहा कि पति बाथरूम में हैं. मगर, बाथरूम में कोई नहीं था. जब मैंने कहा कि इसमें तो कोई नहीं है. इस पर रूबी ने कहा कि दो फीट नीचे हैं. यह सुनकर मेरी रूह कांप गई. इसके बाद मैंने पुलिस को सूचना दी थी.

कई पहलुओं पर जांच जारी: डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया पुलिस टीम कई पहलुओं पर जांच कर रही है. इसमें यह भी देखा जा रहा है कि घटना में कोई और तो शामिल नहीं है. हर पहलू और बिंदु पर गहनता से जांच की जा रही है. इसके साथ ही बाथरूम से बरामद कंकाल का डीएनए कराकर भाई के डीएनए से मिलान किया जाएगा.

पड़ोसी हैरान-बोले किस पर भरोसा करें: पुलिस ने जब रेणुका धाम कॉलोनी में बने 67 गज के मकान के बाथरूम से सुरेंद्र का शव बरामद किया तो उसकी हत्या की खबर सुनकर पड़ोसी जमा हो गए. हर कोई हैरान था.

पड़ोसियों का कहना था कि आए दिन पति और पत्नी में विवाद तो होता था. पति शराब पीकर मारपीट करता था. पहले जब भी पति और पत्नी में विवाद होता था तो पड़ोसी बीच बचाव करने पहुंच जाते थे. इस पर सुरेंद्र बाद में उन्हीं लोगों से झगड़ा करता था. इसलिए, कोई उनके घर में जाता नहीं था.

इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

  • 16 नींद की गोलियां खाने से किसी की मौत हो सकती है क्या? ऐसा तो नहीं पत्नी ने गला भी दबाया हो.
  • बाथरूम 10 फीट लंबा और करीब साढ़े चार फीट चौड़ा है. आखिर में इंडियन सीट करीब आठ इंच ऊंचाई पर लगी थी. शेष बाथरूम का फर्श नीचा था.
  • शव को उस हिस्से में दफनाया गया, जहां परिजन नहाया करते थे. पहले से पक्का फर्श था. उसे तोड़ा गया. करीब आधा फीट खुदाई की गई. शव दफनाया गया. उसके बाद मिट्टी डाली गई.
  • सवाल यह उठ रहा है कि यह अकेले रूबी ने कैसे कर लिया? मिस्त्री ने सिर्फ सीमेंट किया था.
  • बाथरूम में सीमेंट से पहले लेबल चेक किया जाता है. ताकि पानी की निकासी में दिक्कत न हो. रूबी यह कैसे कर सकती है.
  • सुरेंद्र शर्मा की लंबाई और वजन कितना था? शव को बाथरूम में बिना गड्ढा खोदे दफनाया नहीं जा सकता.

गूगल पर क्या-क्या सर्च किया: पुलिस रूबी और मृतक के मोबाइल की कॉल की डिटेल निकाल रही है. पिछले दिनों गूगल पर क्या-क्या सर्च किया गया? यह सर्च हिस्ट्री में देखा जा रहा है. बच्चियों से भी बातचीत कर रही है. यह जानने का प्रयास कर रही है कि मम्मी को लेकर कभी शक हुआ था क्या?

पुलिस ने रूबी से यह पूछा कि दृश्यम फिल्म कब देखी? तो उसने कहा कि बहुत पहले. उसकी स्टोरी याद थी क्या? पति की हत्या के बाद उसकी जो समझ में आया वह किया. पुलिस यह मानकर चल रही है कि रूबी ने साजिश के तहत पति की हत्या की है. तभी बेटियों और सास को घर से जेठ के पास भेज दिया था.

यह भी पढ़ें: इन्फ्लुएंसर निशा चौहान मर्डर; प्रॉपर्टी विवाद ने छीनी एक परिवार की खुशियां, 20 साल के अटूट प्यार का खौफनाक THE END

Last Updated : July 4, 2026 at 10:18 AM IST