आगरा में थप्पड़ का बदला लेने के लिए पति ने मायके में पत्नी को चाकू से गोदा, मौत
आगरा के ताजगंज में एक सिरफिरे पति ने मायके में रह रही पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 7, 2026 at 10:09 PM IST
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा जिला अंतर्गत ताजगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक सनकी पति ने मायके में रह रही अपनी ही पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (एसीपी) ताज यतेन्द्र सिंह नागर ने बताया कि गुस्से में पागल आरोपी पति ने दनादन चाकू से पत्नी के पेट पर करीब 6 बार जानलेवा प्रहार किए.
उसने पत्नी के सीने, पेट और हाथ पर इतनी बेरहमी से वार किए कि वह लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ी.
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने हत्यारे को दबोचा: कमरे से आ रही महिला की दर्दनाक चीख सुनकर आसपास के परिजन और पड़ोसी तुरंत मौके पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भागने का प्रयास कर रहे आरोपी पति को मौके पर ही दबोच लिया. इसके बाद बदहवास परिजन गंभीर हालत में लहूलुहान महिला को लेकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचे. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और वहां मौजूद डॉक्टर्स ने उसे प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
आरोपी रणवीर ने पुलिस के सामने कबूला अपना जुर्म: डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है. पुलिस की कड़ाई के आगे उसने अपना घिनौना जुर्म पूरी तरह कबूल कर लिया है. जानकारी के मुताबिक ताजगंज थाना क्षेत्र के कोल्हाई मोहल्ला निवासी मृतका कुंती देवी की शादी 21 साल पहले डौकी थाना क्षेत्र के पवावली गांव निवासी रणवीर उर्फ रानू से हुई थी. रणवीर पेशे से एक मजदूर है जो स्थानीय कोल्ड स्टोरेज में काम करता है और दोनों का एक बेटा व एक बेटी भी है.
शराब और मारपीट के विवाद के चलते अलग रह रही थी कुंती: एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि दोनों पति-पत्नी के बीच पिछले कई सालों से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था. पति रणवीर अत्यधिक शराब पीने का आदी है, जो अक्सर नशे में धुत होकर कुंती के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करता था. पति के इस प्रताड़ना भरे व्यवहार से तंग आकर कुंती अपने मायके आकर रहने लगी थी. दोनों के बीच गुजारे भत्ते का एक मामला स्थानीय कोर्ट में भी विचाराधीन है.
पंचायत में थप्पड़ मारने पर आया था गुस्सा: पुलिस की पूछताछ में आरोपी रणवीर ने खुलासा किया कि इसी विवाद की वजह से कुंती करीब 8 महीने से अपने मायके में ही रह रही थी. मंगलवार को दोनों परिवारों के बीच मामले को सुलझाने और समझौते के लिए एक पंचायत बुलाई गई थी. इस पंचायत में रणवीर के बुजुर्ग पिता भी शामिल होने के लिए आगरा आए थे. पंचायत के दौरान रणवीर जबरदस्ती अपनी पत्नी कुंती को अपने घर ले जाने का प्रयास करने लगा था.
40 रुपये का चाकू खरीदकर दोबारा ससुराल पहुंचा आरोपी: कुंती उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुई, तो रणवीर उसे बलपूर्वक घसीटने लगा जिस पर कुंती ने सभी के सामने उसे एक थप्पड़ मार दिया. सरेआम थप्पड़ खाने से रणवीर बेहद गुस्से में आ गया, मगर उस समय वह अपने पिता को लेकर वहां से चुपचाप चला गया. पिता को गांव छोड़कर वह प्रतिशोध की आग में जलता हुआ दोबारा आगरा वापस आया. उसने बाजार से महज 40 रुपये में एक धारदार चाकू खरीदा और करीब 2 घंटे बाद सीधे अपनी ससुराल जा पहुंचा.
घसीटकर बरामदे में लाया और किया ताबड़तोड़ हमला: ससुराल पहुंचते समय आरोपी पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था. चाकू लेकर ससुराल पहुंचे रणवीर ने सीधे पत्नी कुंती के कमरे में प्रवेश किया. उसने कुंती का हाथ पकड़ा और उसे बेरहमी से घसीटकर कमरे से बाहर बरामदे में लेकर आया. जब कुंती ने उसके चंगुल से अपना हाथ छुड़ाने का प्रयास किया और जोर-जोर से चीखी-चिल्लाई, तभी रणवीर ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
मोबाइल पर पहले ही भेजा था हत्या का वीडियो: शोर-शराबा सुनकर परिजन और पड़ोसी दौड़े और जमीन पर तड़प रही कुंती को तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस की छानबीन में मृतका के परिजनों ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. परिजनों ने बताया कि रणवीर ने सोमवार को ही कुंती के मोबाइल पर एक खौफनाक वीडियो भेजा था, जिसमें एक पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या की कहानी थी.
हत्या की साजिश पहले से ही थी तैयार: इसके साथ ही उसने आगरा की ही एक पुरानी वारदात का वीडियो भेजा था जिसमें पत्नी की हत्या कर शव को फर्श में दफनाया गया था. इन वीडियो से साफ जाहिर होता है कि आरोपी रणवीर ने कुंती की हत्या करने की साजिश पहले से ही तैयार कर ली थी. परिजनों का मानना है कि यदि कुंती पंचायत के बाद उसके साथ चली जाती, तो वह उसे अपने घर ले जाकर मार डालता. डीसीपी सैयद अली अब्बास के मुताबिक आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला: पर्सनल लॉ से ऊपर पॉक्सो और बाल विवाह निषेध कानून, समान होगी शादी की उम्र

