आगरा हाइवे पार कर रही महिला को ट्रक ने रौंदा, फिर दनदनाते हुए उस पर से गुजर गए कई वाहन
पुलिस के मुताबिक अभी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. शव की पहचान के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 25, 2026 at 11:08 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 12:36 PM IST
आगरा: आगरा के एत्मादउद्दौला थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे पर सैयद कट पर मंगलवार देर रात सड़क पार कर रही महिला को ट्रक ने बुरी तरह रौंद दिया. इससे महिला कुछ देर छटपटाई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इसके बाद सड़क पर पड़े महिला के शव को रात के अंधेरे में एक के बाद एक तेज रफ्तार ट्रक और वाहन रौंदते रहे.
बता दें कि हादसा मंगलवार देर रात करीब 10.30 बजे का है. ट्रांस यमुना फेज-1 से ट्रांस यमुना फेज-2 जाने को एक महिला आगरा-कानपुर हाईवे पर सैयद कट से पार कर रही थी. जैसे ही महिला हाईवे पर पहुंची तो फिरोजाबाद की ओर जाने वाले तेज गति से ट्रक ने उसे कुचल दिया.
वहीं, जब राहगीरों की नजर इस ओर गई तो लोग हैरान रह गए. तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिसकर्मियों और लोगों का सड़क पर चिपके शव को देखकर कलेजा कांप गया. पुलिस ने सड़क से शव के चिथड़े खुरचे और समेट कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए. बुधवार सुबह तक मृतका कौन थी? कहां से आई थी? इसकी शिनाख्त नहीं हुई है.
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि हादसे में मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है. जहां पर हादसा हुआ है, वहां पर कोई कट नहीं है. मगर, लोग रेलिंग पार या उसके बीच से होकर हाईवे पार करते हैं. ऐसे अक्सर यहां से गुजरने वाले लोग वाहनों की चपेट में आ जाते हैं. पीएम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: यूपी में अलग-अलग सड़क हादसों में 14 लोगों की मौत, 17 घायल

