आगरा में फिल्मी स्टाइल में दरोगा का पोज, बीच बाजार युवक की जींस से निकाला तमंचा, दो पुलिसवाले हाथ पकड़े रहे
एत्मादपुर पुलिस का यह गुडवर्क वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिससे पुलिस के फिल्मी स्टाइल की खूब चर्चा हो रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 8:18 AM IST
आगरा : एत्मादपुर थाना पुलिस ने अवैध तमंचा के साथ एक युवक को दबोचा. पुलिस ने बीच बाजार में युवक को पहले रोका. फिल्मी स्टाइल में दो पुलिस कर्मी पब्लिक के सामने युवक को पकड़े रहे. फिर दरोगा की एंट्री हुई. दरोगा ने युवक की जींस से तमंचा निकाला और उसे चेक किया. इसके बाद युवक की जेब से जिंदा कारतूत भी निकाले. दरोगा ने तमंचा हाथ में लेकर पोज दिया. एत्मादपुर पुलिस का यह गुडवर्क वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिससे आगरा पुलिस के फिल्मी स्टाइल की खूब चर्चा और किरकिरी हो रही है.
मामला 29 अगस्त का है. एत्मादपुर थाना पुलिस के गुडवर्क का 26 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसको लेकर एत्मादपुर पुलिस ने खूब वाहवाही लूटी. वीडियो सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो अधिकारी भी वीडियो देखकर हैरान रह गए. क्योंकि, वायरल वीडियो में पुलिस की वाहवाही से ज्यादा किरकिरी हो रही है. जिसकी वजह बीच बाजार में पुलिस की एंट्री और युवक से तमंचा बरामद करना है.
एत्मादपुर थाना पुलिस ने गांव वासवाला में स्थित प्राइमरी स्कूल के पास से दीपू उर्फ देवेश निवासी सत्ता मोहल्ला, एत्मादपुर कस्बा को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उससे एक तमंचा और 2 जिंदा कारतूस बरामद करके जेल भेजा है. वायरल वीडियो में दिख रहा है दरोगा पार्थ सारथी और सिपाही विनोद कुमार बीच बाजार में आरोपी दीपू को पकडे़ हैं. तभी दरोगा रामपूत गौतम फिल्मी स्टाइल में आकर दीपू की टी-शर्ट ऊपर करके कमर में लगा तमंचा निकालकर कैमरे की तरफ देखकर पोज देते हैं.
इसके बाद वीडियो बना रहा व्यक्ति कहता है कि यह 315 बोर का तमंचा है. देखिए सर, कहीं तमंचा लोड तो नहीं है. दरोगा इसके बाद युवक की तलाशी लेकर उसकी जींस के पीछे की जेब में 2 जिदां कारतूस बरामद करते हैं. एत्मादपुर थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी दीपू को दबोच कर तमंचा और कारतूस मिलने पर जेल भेजा है. उसके पास तमंचा कहां से आया. इसकी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें : शामली एनकाउंटर पर सियासत, बीजेपी नेता संगीत सोम का अखिलेश यादव को जवाब, बोले- जातियों में बांटना चाहते हैं सपा प्रमुख

