ETV Bharat / state

आगरा पुलिस ने युवती बनकर इंस्टाग्राम से खोजी 14 माह से लापता किशोरी, कहानी कर देगी हैरान

खेरागढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी एक युवक की दोस्ती के चक्कर में घर छोड़ कर चली गई थी.

लापता किशोरी बरामद.
लापता किशोरी बरामद. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : March 3, 2026 at 9:03 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

आगरा : आगरा पुलिस कमिश्नरेट की खेरागढ़ पुलिस ने 14 माह बाद लापता किशोरी को खोज निकाला है. किशोरी इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती के बाद बिना बताए घर छोड़ कर चली गई थी. इस बाबत परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी. खोजबीन के दौरान पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए किशोरी के बारे में इनपुट हासिल किया और उसे राजस्थान के धौलपुर जिले से बरामद कर लिया. किशोरी एक युवक के साथ लिवइन में रह रही थी. काउंसिलिंग के बाद किशोरी को परिजनों के हवाल कर दिया गया है. आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.


डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि खेरागढ़ से लापता किशोरी (16) के परिजन मिले थे. परिजनों ने बताया कि चार दिसंबर 2024 को बेटी घर से निकली थी. इसके बाद घर पर लौटकर नहीं आई. बेटी के साथ अनहोनी की आशंका सता रही है. परिजनों की शिकायत के आधार पर किशोरी के बारे में सोशल मीडिया अकाउंट खंगाला गया. किशोरी ने सोशल मीडिया अकाउंट पर्सनल कर रखा था. इससे उसकी पोस्ट देखी नहीं सकती थी. ऐसे में योजना के तहत एक काल्पनिक युवती के नाम से सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाकर किशोरी को रिक्वेस्ट भेजी गई. जिसे किशोरी ने स्वीकार कर लिया. इसके बाद किशोरी की लोकेशन कंचनपुर, धौलपुर ट्रैस हुई. इंस्टाग्राम से कंचनपुर (धौलपुर) के रविंद्र सिंह की जानकारी मिली.

डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह के मुताबिक रविंद्र सिंह की रेकी करने पर पता चला कि वह शादीशुदा है. इसके बाद सोमवार को रविंद्र सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो सारा राज खुल गया. रविंद्र ने बताया कि किशोरी उसके साथ ही लिवइन में रहती है. इसके बाद किशोरी को बरामद कर लिया गया. किशोरी से बातचीत की गई तो उसने प्रेम प्रसंग की बात कही, लेकिन रविंद्र के विवाहित होने की जानकारी होने पर वह हैरान हो गई. आरोपी रविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. किशोरी को काउंसिलिंग के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है.