आगरा नगर निगम ने हाउस टैक्स के 574 बकाएदारों को वारंट जारी किया; शुरू हुआ सख्त वसूली अभियान, होगी कुर्की
आगरा नगर निगम आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा, 50 हजार रुपये से अधिक हाउस टैक्स बकाया वाले मकान मालिकों से वसूली की जा रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 3:15 PM IST
आगरा: आगरा नगर निगम ने हाउस टैक्स वसूली अभियान को लेकर 50 हजार रुपये से अधिक वाले बकाएदारों को वारंट जारी किए हैं. निगम ने हाउस टैक्स के बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई का मन बना लिया है. इसमें ही हाउस टैक्स डिमांड नोटिस का संज्ञान न लेने वाले हरीपर्वत जोन के ही 574 बकायेदारों को वारंट जारी किए गये हैं.
इसमें तीन दिन में बकाया हाउस टैक्स न जमा करने पर बकायेदारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. इसके साथ ही दूसरे जोन में भी ऐसे ही बकायेदारों को वारंट भेजे जाने की पूरी तैयारी की जा रही है.
आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने शुरू किया अभियान: आगरा नगर निगम के आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने निर्देश दिए हैं कि नगर निगम की आय बढ़ाई जाए. इसमें ही 50 हजार रुपये से अधिक हाउस टैक्स बकाया वाले मकान मालिकों के विरुद्ध विशेष वसूली अभियान शुरू किया गया है. नगर निगम ने इस अभियान में सभी राजस्वकर्मी लगाए हैं. सभी को टार्गेट दिया है, ताकि हाउस टैक्स की बकाया वसूली प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके.

क्षेत्रवार बकायेदारों की सूची तैयार: हाउसटैक्स के बकाया की वसूली के विशेष वसूली अभियान को लेकर नगर निगम के राजस्व विभाग ने क्षेत्रवार बकायेदारों की सूची तैयार की है. इसके आधार पर बकायेदारों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं. इन नोटिस को निगम कर्मी लगातार मौके पर पहुंचकर बकाया जमा कराने के लिए बकायेदारों से मिल रहे हैं. हर कर्मचारी का टार्गेट तय किया गया है.
राजस्व विभाग की टीमें वसूली में लगीं: इसे पूरे करने के लिए राजस्व विभाग की टीमें वसूली में लगीं हैं. इस बारे में नगर निगम की प्रभारी कर एवं सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद जो बकायेदार हाउस टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जाएंगे. जिसमें कुर्की, संपत्ति सीलिंग जैसी कार्रवाई भी बकायेदारों की जाएगी. निगम की राजस्व वसूली में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
छुट्टी के दिन भी खुलेंगे कैश काउंटर: प्रभारी कर एवं सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय ने बताया कि नगर निगम के समस्त जोनल कार्यालय एवं उनके कैश काउंटर शनिवार व रविवार को भी खुले रहेंगे. इस बारे में सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. हर जोन कार्यालय में विशेष कैंप लगाकर डोर-टू-डोर हाउस टैक्स वसूली कराने के भी निर्देश जोन कार्यालय के अधिकारियों को दिए हैं.

वसूली अभियान को प्रभावी बनाने के लिए हर जोन में व्यापक स्तर पर बकायेदारों से संपर्क किया जाए. इससे प्रतिदिन की वसूली एवं की गई कार्रवाई की रिपोर्ट शाम 5 बजे तक हर जोन कार्यालय से नगर आयुक्त कार्यालय भेजना अनिवार्य किया है.
राजस्व कर्मचारियों का टार्गेट तय, सख्त कार्रवाई के आदेश: आगरा नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि नगर निगम की आय शहर की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों पर खर्च होती है. इसलिए, जिन बकायेदारों ने डिमांड नोटिस के बावजूद हाउसटैक्स जमा नहीं कराए हैं. उनके खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है. जिसको लेकर राजस्व कर्मचारियों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं. उन्हें हाउस टैक्स की वसूली का टार्गेट भी दिया है. जिससे वसूली अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जा सके.
यह भी पढ़ें- पुलिस भर्ती में सवर्णों के लिए आयु सीमा घटाने को बीजेपी MLA ने CM योगी को लिखी चिठ्ठी

