अग्निवीर भर्ती रैली के लिए एडमिट कार्ड जारी, रिक्रूटमेंट तारीखों की यहां से मिलेगी जानकारी
भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी तक इंडोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित होगी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 3, 2026 at 4:54 PM IST
रायपुर: भारतीय सेना में शामिल होने का मौका छत्तीसगढ़ के युवाओं को मिलने वाला है. 10 जनवरी से 24 जनवरी तक भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है. अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन धमतरी के इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा. सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
अग्निवीर भर्ती रैली
इस साल के पहले अग्निवीर भर्ती रैली के लिए भारतीय सेना द्वारा प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए गए हैं. सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर द्वारा यह भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी 2026 तक इंडोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित की जाएगी. इस भर्ती में जिसमें छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के पुरुष अभ्यर्थी भाग लेंगे.
भर्ती रैली 10 से 24 जनवरी तक
सेना भर्ती कार्यालय द्वारा रैली में सम्मिलित होने वाले योग्य अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी अपलोड कर दिया गया है. सेना द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजे गए हैं. भर्ती रैली में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, रैली अधिसूचना में उल्लेखित सभी आवश्यक दस्तावेज तथा आधार कार्ड से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य किया गया है.
इंडोर स्टेडियम, धमतरी में आयोजित
अग्निवीर भर्ती रैली के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क,स्टोर कीपर और अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं एवं 8वीं पास) पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी. सेना भर्ती कार्यालय के मुताबिक 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने के पात्र होंगे.
सेना की ओर से जानकारी दी गई है कि अग्निवीर भर्ती रैली के लिए किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक स्थित सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क करें. सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है, चयन केवल योग्यता एवं प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है. अभ्यर्थियों को दलालों एवं प्रलोभन देने वालों से दूर रहने की सलाह भी सेना की ओर से दी गई है.
भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती 2025 का रिजल्ट जल्द होगा जारी, यहां चेक करें अपना स्टेटस
बस्तर इन्वेस्टर्स कनेक्ट: महिलाओं और अग्निवीर को मिलेगी प्राथमिकता, होटल खोलने पर 45% सब्सिडी
बलरामपुर के ट्राइबल इलाके में अग्निवीर की निशुल्क ट्रेनिंग, 3 लड़कियों समेत 26 युवा लिखित परीक्षा में सफल

