आगर में नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी, 500 की स्लीपर के पीछे भागी पुलिस
आगर-मालवा में नायब तहसीलदार की चप्पल हुई चोरी, सीसीटीवी खंगाल कर चप्पल चोर के पीछे भागी पुलिस, आरोपी गिरफ्तार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 5:30 PM IST
|Updated : March 3, 2026 at 5:39 PM IST
आगर मालवा: आप जब ये खबर पढ़ें उसके पहले ये बताएं कि आखिरी बार आपकी चप्पलें किसी मंदिर या सार्वजनिक स्थल से कब हुम गुम हुई थी. गुम हुई तो आपने क्या किया. आपका जवाब जाहिर है यही होगा कि गुम गई तो गई, अब चप्पलों के गुमने की क्या थाने में रिपोर्ट लिखाते और अगर हम आपसे कहा कि हां, एक नायब तहसीलदार ने गुम हुई चप्पलों की ना सिर्फ थाने में शिकायत दर्ज कराई. कानून के हाथ से चप्पल चोर बच भी नहीं पाया. 10 मिनट की इस चप्पल चोर कहानी में एक्शन भी है रोमांच भी और सस्पेंस भी है.
10 मिनट में गुम हुई चप्पल और चोर पकड़ लाई पुलिस
यूं देखिए तो एक साधारण सा मामला है. जो अमूमन हर एक के साथ कभी ना कभी होता है. दिमाग पर जोर डालेंगे तो आपको भी याद आ जाएगा कि आखिरी बार आप कब किसी मंदिर या सार्वजनिक स्थान पर गए थे और आपकी चप्पल चोरी हो गई थी. यूं ये एक बेहद सामान्य घटना है. इस तरह के अपराध और अपराधी कहीं दर्ज नहीं होते, लेकिन इस बार चोरों का पाला एक सरकारी अफसर से पड़ा था.
सरकारी अफसर ने भी करीब 500 रुपए कीमत की चप्पलों का का मामला ऐसे ही नहीं जाने दिए. असल में आगर मालवा के प्रसिद्ध बगलामुखी माता मंदिर में दर्शन के लिए ये अधिकारी पहुंचे थे. जब दर्शन के लिए नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी ने अपनी चप्पलें उतारी. कुल 10 मिनट बाद जब वे वापस लौटे तो चप्पल गायब थी. उन्होंने कहा कि रसीद काउंटर के पास अपनी चप्पल उतारी थी, लेकिन दर्शन करने के अंतराल भर में वे गायब हो गईं.
और चप्पल चोर की शिकायत लिए थाने पहुंचे साहब
चोर तो चोर है, फिर भले उसने केवल चप्पल चुराई हो. आमतौर पर इस तरह के मामले में चोर को कोसते लोग मंदिर से या ऐसे स्थान से घर लौट आते हैं. जहां से चप्पल चोरी हुई हो, लेकिन नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवशी ने तो बाकायदा इस पूरे मामले की थाने में लिखित शिकायत की. उसमें उन्होंने लिखा कि उनकी चप्पल 500 रुपए कीमत की थी. उन्होंने बताया कि उसके बाद सीसीटीवी भी खंगाला, जिसमें 3 बजकर 20 मिनट पर एक व्यक्ति चप्पल ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है.

उन्होंने बताया कि उनके साथ पटवारी भी एक घंटा चप्पल ढूंढने के लिए परेशान हुए. आए दिन यहां से जूते-चप्पल और महंगा सामान चोरी हो जाता है. इससे आस्था के साथ इस मंदिर में आने वाले लोगों की भावनाएं आहत होती हैं. मामले की लिखित शिकायत थाना प्रभारी के साथ पुलिस अधीक्षक को भी की गई.
- चोरों ने चूर किए अरमान, जिन जेवरों से श्रृंगार कर बनने वाली थी दुल्हन, वही चुरा ले गए
- रेट बढ़ने के साइड इफेक्ट, दो घरों से लगभग डेढ़ किलो सोना, 2 किलो चांदी और 20 लाख कैश चोरी
अब जानिए घटनाक्रम कैसे कैसे क्या हुआ
घटना 2 मार्च की बताई जाती है. नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी दर्शन के लिए नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर आए. यहां पर उन्होंने अपनी चप्पलें रसीद काउंटर के नजदीक उतारी. 10 मिनट बाद वापस लौटे तो हैरान कि उनकी चप्पलें गायब थी. बाद में उनकी शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति चप्पल ले जाता हुआ दिखाई दिया. पहली बार पुलिस भी चप्पल चोर के पीछे दौड़ी, उसे पकड़ा गया. उसने चप्पल चोरी स्वीकार की. अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. नायब तहसीलदार ने इस पूरे मामले में कानून कार्रवाई किये जाने का आवेदन दिया है.

