3 दशकों का इंतजार खत्म! सिविल अस्पताल तीसा में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू, एक लाख की आबादी होगी लाभान्वित
चंबा जिले के सिविल अस्पताल तीसा में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू होने से गर्भवती और मरीजों की परेशानी हुई दूर.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 20, 2025 at 2:16 PM IST
चंबा: हिमाचल प्रदेश में आज भी कई जिलों के अस्पतालों में मरीजों को डॉक्टर, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और मेडिकल जांच की सुविधा नहीं मिल पाती है. चंबा जिले के तीसा नागरिक अस्पताल का भी हाल कुछ ऐसा ही था. जहां तीन दशकों से गर्भवती महिलाएं और मरीजों का अल्ट्रासाउंड नहीं होता था. इसके लिए उन्हें 95 किलोमीटर दूर चंबा जाना पड़ता था, लेकिन अब यहां के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. क्योंकि यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा की शुरुआत हो चुकी है.
चुराह विधानसभा क्षेत्र के एकमात्र नागरिक अस्पताल तीसा में अल्ट्रासाउंड की सुविधा आखिरकार मिलना शुरू हो गई. अल्ट्रासाउंड करने वाली डॉ. पद्मा ने तीसा अस्पताल में ज्वाइन किया है. खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ ऋषि पुरी ने सील बंद अल्ट्रासाउंड मशीन को खोला. जिसके बाद से मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो गई, जिसके चलते यहां की एक लाख की आबादी को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों का जाना पड़ता था चंबा
गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से तीसा नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं थी. तीन दशकों से अल्ट्रासाउंड की सुविधा को लेकर लोग मांग कर रहे थे, लेकिन कभी इस मांग को पूरा नहीं किया गया. जिसके चलते यहां की गर्भवती और बीमार लोगों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए करीब 90 से 95 किलोमीटर दूर चंबा जाना पड़ता था, ऐसे में मरीज और तीमारदारों का पैसा और समय दोनों बर्बाद होता था. वहीं, अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने से मरीजों को राहत होगी. फिलहाल अल्ट्रासाउंड की सुविधा सिर्फ गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध करवाई जाएगी.
बीएमओ डॉ. ऋषि पुरी की मेहनत लाई रंग
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषि पुरी ने नागरिक अस्पताल तीसा में अल्ट्रासाउंड की सुविधा के लिए सरकार को बार-बार पत्र लिखा. जिसका परिणाम है कि आज उनकी मेहनत रंग लाई है. सरकार द्वारा यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवाई गई हैं, जिसके चलते अब मरीजों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी.
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पद्मा ने किया ज्वाइन
एमबीबीएस डॉ. पद्मा को 6 महीने के रेडियोलॉजिस्ट कोर्स करवाने के लिए सरकार ने मेडिकल कॉलेज टांडा भेजा था, जहां कोर्स पूरा होने के बाद डॉक्टर पद्मा ने तीसा नागरिक अस्पताल में ज्वाइन किया है और अब वह मरीजों का अल्ट्रासाउंड करेंगी.

एक लाख की आबादी का इंतजार खत्म
बता दें कि चुराह विधानसभा की करीब एक लाख की आबादी तीसा नागरिक अस्पताल पर निर्भर है. ऐसे में यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने से अब उन्हें अपने घर द्वार पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी. अब किसी को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए यहां से चंबा नहीं जाना पड़ेगा. साथ ही लोगों को जाने आने खर्च और अल्ट्रासाउंड का चार्ज के रूप में पैसे नहीं खर्च करने होंगे.
क्या कहते है डॉ ऋषि पुरी ?
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ ऋषि पुरी ने कहा, 'काफी लंबे समय से यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं होने से करीब एक लाख की आबादी को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी, लेकिन अब नागरिक अस्पताल तीसा में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है. इसके लिए 6 महीने का कोर्स करने के बाद यहां डॉक्टर पद्मा ने बतौर रेडियोलॉजिस्ट ज्वाइन किया है. अब लोगों अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए चंबा नहीं जाना पड़ेगा'.
ये भी पढ़ें: दवाओं के नाम पर 'जहर' का कारोबार! बिलासपुर में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद

