ETV Bharat / state

इंदौर के बाद महू में दूषित पानी का कहर, 25 से ज्यादा लोगों को लिवर की समस्या, 6 बच्चे भी भर्ती

दूषित पानी से कई लोगों को पीलिया, बीमारों का अस्पताल में इलाज जारी, इंदौर कलेक्टर मौके पर पहुंचे

25 HOSPITALISED IN MAHU
दूषित पानी से महू पट्टी बाजार में कई लोगों को पीलिया (Etv Bharat & Getty Images)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 23, 2026 at 11:02 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

इंदौर : दूषित पानी से इंदौर में 25 लोगों की मौत के बाद अब महू में भी दूषित पानी पीने से कई लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है. दूषित पानी और पीलिया के कारण 6 बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें महू के मध्य भारत अस्पताल में भर्ती करना पड़ा है. महू में दूषित पानी का मामला सामने आने पर देर रात इंदौर कलेक्टर ने महू पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. वहीं, सभी बीमार मरीजों के उपचार के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं.

दूषित पानी से 25 बीमार, 6 बच्चे भी शामिल

महू के पट्टी बाजार क्षेत्र में कई दिनों से दूषित पानी आने की शिकायतें मिल रही थीं. यहां चंदन मार्ग के कई लोगों को जब लिवर में तकलीफ बढ़ी और पीलिया की समस्या सामने आने लगी तो तब यह मामला चर्चा में आया. इसके बाद कल तक यहां से करीब 25 लोगों के बीमार होने का पता चला है, जिसमें से 6 बच्चे थे और उनकी हालत ज्यादा खराब थी.

CONTAMINATED WATER CASES MP
इंदौर के बाद महू में दूषित पानी के मामले से बवाल (Etv Bharat)

ज्यादातर लोगों पीलिया से पीड़ित

प्राथमिक जांच में पता चला है कि अधिकांश लोगों को पीलिया हुआ है. इसके पीछे की वजह यहां दूषित पानी की सप्लाई को बताया जा रहा है. इस मामले की सूचना के बाद इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे और अस्पताल में मरीजों से चर्चा की और प्रभावित मार्ग पर रहवासियों से भी चर्चा की. कलेक्टर को बताया गया कि दूषित पेयजल से कई लोग बीमार हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि अन्य लोग अपने घर में ही उपचार ले रहे हैं.

WATER CONTAMINATION NEWS MAHU
पीड़ितों से मिलने पहुंचे कलेक्टर (Etv Bharat)

कलेक्टर ने दिए पानी की जांच के निर्देश

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग का अमला भी यहां उपचार के लिए पहुंचा है. वहीं, मेडिकल टीम में भी यहां पहुंचकर लोगों को दवाइयां उपलब्ध करा रही है. वहीं, लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है. इस बीच क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर ने भी पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात की. कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा, '' सभी का समुचित उपचार करने के स्वास्थ विभाग को निर्देश दिए हैं. महू कैंट बोर्ड को भी पानी की जांच करने एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. अस्पताल में मरीजों का उपचार जारी है, शासन लगातार नजर बनाए हुए हैं.''

यह भी पढ़ें- भागीरथपुरा कांड की हाईकोर्ट में सुनवाई, नगर निगम नहीं बता पाया साफ वजह, मंगलवार को 25वीं मौत

लक्षण मिलते ही शुरू होगा उपचार

कलेक्टर शिवम वर्मा ने आगे कहा, '' कल सुबह से क्षेत्र में सर्वे भी शुरू किया जाएगा जिन लोगों में किसी तरह के भी लक्षण पाए जाएंगे उन्हें घर पर भी उपचार दिया जाएगा. गंभीर मरीजों का अस्पताल में उपचार किया जाएगा.'' उन्होंंने बताया फिलहाल कोई भी गंभीर स्थिति में नहीं है. भर्ती मरीजों में भी कुछ लोगों को कल डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.