ETV Bharat / state

सोमेश्वर की बेटी ने शौचालयों की खोली सरकार की पोल तो सोया सिस्टम जागा, रेखा आर्या ने लिखी पाती

सोमेश्वर की बेटी का शौचालय की परेशानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जनप्रतिनिधि नींद से जागे हैं.

Someshwar toilet problem
सोमेश्वर शौचालय परेशानी (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : September 3, 2026 at 8:42 AM IST

|

Updated : September 3, 2026 at 9:37 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अल्मोड़ा: उत्तराखंड में कई जगह आज भी शौचालय की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को होती है. इसके बावजूद कुछ जगहों में शौचालय तो बने हैं, लेकिन वो इतने गंदे हैं कि लोग उनका इस्तेमाल नहीं कर सकते. कई जगह ताले लटके दिखाई देते हैं. वहीं बीते दिनों सोमेश्वर क्षेत्र की एक बिटिया ने बेबाकी से महिलाओं की परेशानी को सोशल मीडिया के माध्यम से उठाकर ने सोए सिस्टम को जगा दिया.

मासिक धर्म के दौरान सहेली को सार्वजनिक शौचालय की तलाश में हुई परेशानी का वीडियो सोमेश्वर घाटी की बेटी ने सोशल मीडिया पर साझा किया तो देहरादून तक हलचल मच गई, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया. क्योंकि यह मामला पिछले 12 वर्षों से सोमेश्वर क्षेत्र से विधायक ओर सरकार में महिला सशक्तिकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के गृह क्षेत्र का है.

सोमेश्वर की बेटी ने वीडियो में कहा कि,

मासिक धर्म के दौरान मेरी सहेली को सोमेश्वर में परेशानी झेलनी पड़ी. मेरी सहेली को सोमेश्वर बाजार में शौचालय की जरूरत पड़ी. जब हमने चौराहे पर एक रेस्टोरेंट संचालक से उनका शौचालय का प्रयोग करने की अपील की तो उन्होंने साफ मना कर दिया और तल्ली बाजार में स्थित सार्वजनिक शौचालय जाने को कहा.

काफी तलाश के बाद तल्ली बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालय पहुंचे तो वहां देखा कि उसमें दरवाजा तक नहीं था. यह शौचालय भी पुरुषों का था. ऐसे में हमें मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा.

बेटी ने सवाल उठाते हुए सरकार से पूछा कि, जब बाजार में महिलाओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय तक उपलब्ध नहीं है तो दूर-दराज के गांवों से आने वाली महिलाएं आखिर अपनी जरूरत के समय कहां जाएं. यह बहुत शर्मनाक बात है. यह केवल उनकी सहेली की परेशानी नहीं है.

उन्होंने सरकार के विकास की पोल खोल दी. उन्होंने कहा कि सोमेश्वर बाजार में खरीदारी, इलाज और सरकारी कामों के लिए रोजाना आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां पहुंचती हैं. सामाजिक झिझक और लोक-लाज के कारण अधिकांश महिलाएं सार्वजनिक रूप से इस समस्या को लेकर आवाज नहीं उठा पातीं.

इधर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का यह मामला सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के क्षेत्र का है. वह इस सोमेश्वर क्षेत्र की विधायक हैं. मामला जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या तक पहुंचा तो मंत्री ने सोमेश्वर मुख्य बाजार में आधुनिक हाईटेक सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश जारी किए. कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायती राज अधिकारी, अल्मोड़ा को भेजे पत्र में सोमेश्वर घाटी सेवा समूह, ग्राम सुकराड़ और स्थानीय लोगों के संयुक्त हस्ताक्षर वाले पत्र का भी उल्लेख किया है.

Someshwar toilet problem
आदेश की कॉपी (Source- Department of Women Empowerment and Child Development)

पत्र में कहा गया है कि सोमेश्वर मुख्य बाजार प्रमुख व्यापारिक और आवागमन का केंद्र है. यहां रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही रहती है. सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने से महिलाओं के साथ बुजुर्गों और दिव्यांगों को भी परेशानी होती है. मंत्री ने व्यापक जनहित, जनसुविधा और स्वच्छता को देखते हुए बाजार में आधुनिक हाईटेक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

पढ़ें- देहरादून के सुलभ शौचालय पर कांग्रेस का कब्जा! रोका जनता का रास्ता, सरकारी फंड के दुरुपयोग पर सिस्टम की चुप्पी

Last Updated : September 3, 2026 at 9:37 AM IST