ETV Bharat / state

पौड़ी कोटी गांव में आदमखोर घोषित हुआ गुलदार, मारने के आदेश जारी,शूटर्स ने संभाला मोर्चा

श्रीनगर के कोटी गांव में महिला की मौत के बाद वन विभाग ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया है.

Koti Village Leopard Terror
कॉन्सेप्ट इमेज (Etv Photo-ETV BharatBharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : November 23, 2025 at 11:05 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पौड़ी: जिले के खिर्सू विकासखंड के कोटी गांव में महिला की मौत के बाद गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया है. वन विभाग ने गुलदार को मारने के आदेश जारी कर दिए हैं, जिसके बाद क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर कार्रवाई तेज कर दी गई है. बीते दिनों गुलदार के हमले में 62 वर्षीय गिन्नी देवी की मौत हो गई थी. घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत व्याप्त है और ग्रामीण लगातार सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. इसी के मद्देनजर वन विभाग ने त्वरित कदम उठाते हुए गुलदार को आदमखोर घोषित कर गांव और आसपास के जंगलों में बड़े स्तर पर ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

घटना के बाद वाइल्ड लाइफ कार्यालय ने गुलदार को मारने के लिए दो विशेषज्ञ शूटरों को बुलाया है. इनमें से शूटर अरविंद कुमार शनिवार को कोटी गांव पहुंच चुके हैं और उन्होंने मौके का मुआयना कर रणनीति बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. दूसरा शूटर रविवार यानि आज गांव पहुंच जाएगा, जिसके बाद संयुक्त रूप से गुलदार को ढूंढने और मार गिराने का अभियान संचालित किया जाएगा. डीएफओ अभिमन्यु सिंह ने बताया कि विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है. कोटी गांव में दो विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 8-8 कर्मचारी शामिल हैं.

गुलदार की धमक से खौफ में ग्रामीण (Video-ETV Bharat)

सभी टीमें दिन-रात गांव और जंगल के बीच गश्त कर रही हैं. इसके अलावा गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई ट्रैप कैमरे विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं. जिस क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही की पुष्टि हुई है, वहां मचान भी बनाया जा रहा है, ताकि शूटर सही समय पर कार्रवाई कर सकें. डीएफओ ने बताया कि विभाग लगातार ग्रामीणों के संपर्क में है और उन्हें सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं.

घटना की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी कोटी गांव पहुंचे. उन्होंने मृतका गिन्नी देवी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. मंत्री ने ग्रामीणों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि गुलदार की दहशत से जल्द निजात दिलाई जाएगी और सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों के लिए प्रभावी सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. वन विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि समूह में ही बाहर निकलें,बच्चों को अकेले न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध हरकत या आवाज की सूचना तुरंत विभाग को दें.

पढ़ें-