दोस्त की मौत के बाद सदमे में युवती ने भी लगाया मौत को गले, मां के लिए छोड़ा आखिरी संदेश
युवक की शुक्रवार को एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद से ही युवती सदमे में थी.

Published : July 5, 2026 at 2:18 PM IST
जयपुर: राजधानी में अपने दोस्त की हादसे में मौत के बाद सदमे में आई एक युवती ने अपनी जीवनलीला खत्म कर ली. उसका शव कमरे में मिला. उसने अपनी मां के नाम एक आखिरी संदेश छोड़ा है, जिसमें अपने दोस्त की मौत का जिक्र करते हुए खुदकुशी करने की बात लिखी है. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. यह घटना जयपुर में जवाहर नगर थाना इलाके की है. जवाहर नगर थानाधिकारी सरला यादव ने बताया कि गेस्ट हाउस में किराए पर रहने वाली एक युवती ने शनिवार शाम को खुदकुशी कर ली. उसकी सहेली शाम को उससे मिलने पहुंची तो शव कमरे में मिला.
कुछ दिन पहले आई गेस्ट हाउस में: थानाधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. युवती की सहेली ने पुलिस को बताया कि खुदकुशी करने वाली युवती बीए की स्टूडेंट थी. पहले वह पीजी में रहती थी. कुछ दिन पहले ही वह गेस्ट हाउस में रहने आई थी. सहेली ने पुलिस को बताया कि युवती की एक लड़के से दोस्ती थी, जिसकी शुक्रवार को एक हादसे में मौत हो गई. इसके बाद से ही युवती परेशान थी.
इसे भी पढ़ें- पढ़ाई के तनाव में युवक ने की आत्महत्या, कमरे में मिला शव
लड़के के अंतिम संस्कार में भी हुई शामिल: प्रारंभिक रूप से सामने आया है कि शुक्रवार को अपने दोस्त की मौत के बाद से ही युवती सदमे में थी. वह लड़के के गांव जाकर उसके अंतिम संस्कार में भी शामिल हुई थी. वहां से लौटने के बाद वह लगातार रो रही थी. दिन में उसकी सहेली भी उसके साथ ही थी. वह किसी काम से बाहर गई और वापस लौटी तो युवती का शव कमरे में मिला. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है. युवती द्वारा अपनी मां के नाम एक नोट छोड़ने की बात भी सामने आई है.

