करनाल में घरेलू विवाद के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, पत्नी के सामने खुदकुशी की
करनाल में पारिवारिक कलह के बीच युवक ने खुदकुशी कर ली. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Published : February 22, 2026 at 4:50 PM IST
करनालः हरियाणा के करनाल में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने खुदकुशी कर ली. घटना बीती रात की बताई जा रही है. अंधेरा अधिक होने के कारण पश्चिमी यमुना नहर में रात में तलाश पूरी नहीं हो सकी. दोबारा सुबह टीम ने सर्च अभियान चलाकर शव को बरामद किया.
विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम: पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान डबरकी गांव निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जो इन दिनों कुंजपुरा की बसंती कॉलोनी में रह रहा था. पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के बीच अमित ने पत्नी को नहर किनारे बुलाया और कस्बा पुल पर बाइक खड़ी कर दी. इसके बाद अमित ने खुदकुशी कर ली. पत्नी ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रही.
एसडीआरएफ ने शव को किया बरामदः सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे. अंधेरा और पानी का तेज बहाव होने के कारण रात में सर्च रोकना पड़ा. अगले दिन सुबह SDRF की टीम मोटर बोट के साथ पहुंची और कुछ ही समय में पुल के पास से शव बरामद कर लिया.
पोस्टमार्टम व जांच जारी: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. मामले में रामनगर थाना पुलिस जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

