हाईकोर्ट में एक्टिंग CJ का विरोध, सुप्रीम कोर्ट के जज ने दी शिकायत, कक्ष के बाहर नारेबाजी
एक्टिंग सीजे पर शक्तियों के कथित दुरुपयोग, भाई-भतीजावाद सहित जयपुर स्थायी लोक अदालत में करीबियों की नियुक्तियों के गंभीर आरोप लगे हैं.

Published : August 31, 2026 at 5:31 PM IST
जयपुर: राजस्थान हाईकोर्ट में वकीलों ने सोमवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा का विरोध किया. सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संदीप मेहता की ओर से सीजीआई सूर्यकांत को लिखे गए शिकायत पत्रों के समर्थन में अधिवक्ताओं ने सामूहिक लामबंदी की. आक्रोशित वकीलों ने हाईकोर्ट परिसर स्थित एक्टिंग सीजे के कोर्ट कक्ष के ठीक बाहर जमीन पर बैठकर नारेबाजी की. इस दौरान किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया.
इस पूरे घटनाक्रम पर राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल का कहना है कि वकील वर्तमान में अपने व्यक्तिगत स्तर पर यह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. बार एसोसिएशन इस पूरे मामले पर गंभीर है और इस आंदोलन की आगे की आधिकारिक रूपरेखा व रणनीति तय करने के लिए बार एसोसिएशन्स की एक संयुक्त बैठक आज ही आयोजित की जाएगी. इसमें सभी पदाधिकारी सर्वसम्मति से अंतिम निर्णय लेंगे.
पढे़ं. उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की मांग, केंद्रीय विधि मंत्री से मिले मेवाड़-वागड़ क्षेत्र के वकील
विवाद की मुख्य वजह जस्टिस संदीप मेहता की ओर से सीजेआई को भेजी गई गोपनीय चिट्ठियां हैं. इसमें एक्टिंग सीजे पर शक्तियों के कथित दुरुपयोग, भाई-भतीजावाद और जयपुर मेट्रो 1 के मध्यस्थ सहित जयपुर स्थायी लोक अदालत में करीबियों की नियुक्तियों के गंभीर आरोप लगे हैं. वकीलों का साफ कहना है कि जब तक इन आरोपों की निष्पक्ष संस्थागत जांच नहीं होती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा अगले माह 26 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं.
कौन हैं जस्टिस मेहता : जस्टिस संदीप मेहता राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर बेंच में वकालत करते थे. इस दौरान 30 मई, 2011 को उन्हें हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया था. इसके बाद फरवरी, 2013 में उन्हें स्थायी किया गया. 15 फरवरी, 2023 को उन्हें पदोन्नत कर गुवाहाटी हाईकोर्ट का सीजे बनाया गया. साल 2023 नवंबर माह में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट जज की शपथ ली है.

पढे़ं. बूंदी कोर्ट में हंगामा: अधिवक्ता पर हमले के आरोपियों की पैरवी पर भिड़े वकील, आरएसी बुलानी पड़ी
कौन हैं जस्टिस शर्मा : जस्टिस एसपी शर्मा हाईकोर्ट की जयपुर बेंच में बतौर अधिवक्ता प्रैक्टिस करते थे. नवंबर, 2016 में उन्हें हाईकोर्ट जज बनाया गया. इसके बाद साल 2022 में उनका पटना हाईकोर्ट तबादला किया गया. साल 2023 में उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से राजस्थान वापस भेजने का अनुरोध किया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनकी मांग को अस्वीकार कर उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट भेज दिया. इसके बाद बीते साल 14 जुलाई को उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट भेजा गया और सितंबर, 2025 में उन्हें एक्टिंग सीजे का कार्यभार दिया गया.

