ETV Bharat / state

गोरखपुर में नाली के विवाद में अधिवक्ता की पीट-पीटकर हत्या, लाठी-डंडे से किया हमला

दूसरे पक्ष से भी एक व्यक्ति घायल, पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी.

गोरखपुर में अधिवक्ता की हत्या.
गोरखपुर में अधिवक्ता की हत्या. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 2:26 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

गोरखपुर: जिले के नगर पंचायत बांसगांव में मामूली जल निकासी विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया. वार्ड नंबर- 9 के निवासी और अधिवक्ता अग्निवेश सिंह को इसी विवाद में पीट-पीटकर मार डाला गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अधिवक्ता को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. मारपीट में उनके भाई नीतीश सिंह (अधिवक्ता) और पिता सुनील सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति का सिर फट गया है. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है.

बताते हैं कि अग्निवेश सिंह की जमीन के रास्ते नाली का पानी निकालने के लिए दूसरे पक्ष के लोगों ने ने पाइप डालने का प्रयास किया. अग्निवेश सिंह ने इसका कड़ा विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से जोरदार हमला बोल दिया. पिटाई से अग्निवेश सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. परिजन इसके बाद शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे. यहां से पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. घटना की सूचना मिलते ही बांसगांव कस्बे में तनाव फैल गया. भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया.

जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी प्रदीप सिंह और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि आरोपियों की तलाश चल रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी. यह विवाद लंबे समय से चल रहा था. स्थानीय लोग बताते हैं कि नाली के पानी को अग्निवेश की जमीन से गुजारने का मुद्दा कई बार उठा, लेकिन कोई हल नहीं निकला.

अग्निवेश सिंह को क्षेत्र के लोकप्रिय अधिवक्ता के रूप में जाना जाता था. उनकी मौत से वकील संघ में भी आक्रोश है. इधर उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है. पत्नी और छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. भाई नीतीश सिंह ने आक्रोशित लहजे में कहा कि ये हत्या नहीं, सुनियोजित हत्याकांड है. आरोपी पक्ष ने पहले से प्लॉनिंग कर रखी थी. भाई को घेरकर बेरहमी से पीटा गया. इधर, पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं. पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: CM योगी के सलाहकार के तौर पर अवनीश अवस्थी को मिला तीसरा सेवा विस्तार