सरिस्का में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए सफारी और होटल बुकिंग फुल, बाघ दर्शन की आस में पर्यटक उत्साहित
सरिस्का में नए साल का जश्न बाघ दर्शन के साथ मनाने की होड़ में सफारी और होटलों की एडवांस बुकिंग फुल हो चुकी है.

Published : December 21, 2025 at 6:30 AM IST
अलवर: सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघों के दीदार के साथ नए साल का जश्न मनाने की चाहत रखने वाले पर्यटकों के लिए यह समय सबसे रोमांचक है. साल के अंत और नव वर्ष के आगमन पर सरिस्का में जंगल सफारी की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है. इतना ही नहीं, सरिस्का एवं आसपास के अधिकांश होटलों में भी सभी कमरों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है. बिना एडवांस बुकिंग के सरिस्का आने वाले पर्यटकों को नए साल का सेलिब्रेशन मनाने में निराशा हाथ लग सकती है.
31 दिसंबर को सफारी बंद: पर्यटकों के लिए एक बुरी खबर यह है कि 31 दिसंबर 2025 को बुधवार होने के कारण सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी बंद रहेगी. रिजर्व में हर बुधवार को सफारी का अवकाश होता है. इस कारण पुराने साल को बाघ दर्शन के साथ अलविदा कहने का मौका पर्यटकों को नहीं मिल पाएगा. हालांकि, 1 जनवरी 2026 को नए साल की शुरुआत सफारी के साथ करने के लिए पहले ही सभी स्लॉट बुक हो चुके हैं.

इसे भी पढ़ें- सरिस्का में सैलानियों की जिप्सी के आगे चलता रहा बाघ एसटी 2304...मानो बता रहा हो जंगल का रास्ता
सरिस्का के सीसीएफ संग्रामसिंह कटियार ने बताया कि क्रिसमस से नए साल के पहले सप्ताह तक पर्यटकों की संख्या पीक पर रहती है. न्यू ईयर और पुराने साल को सरिस्का में बिताने की चाहत रखने वाले पर्यटक ज्यादा होते हैं. इस बार 27-28 दिसंबर को वीकेंड होने से एडवांस बुकिंग और जल्दी पूरी हो गई. साल के अंतिम दिनों और नए साल की शुरुआत के लिए जिप्सी सफारी की सभी बुकिंग फुल हैं.
ईयर एंड पर सरिस्का घूमने का क्रेज: दिसंबर में स्कूलों की विंटर वैकेशन और सरकारी अवकाशों का उपयोग कर लोग घूमने का प्लान बनाते हैं. दिल्ली, गुरुग्राम, एनसीआर, जयपुर और अलवर के पर्यटक सरिस्का की ओर रुख करते हैं. क्रिसमस से नए साल तक सफारी का क्रेज चरम पर रहता है, जिससे एडवांस बुकिंग अनिवार्य हो जाती है. वीकेंड पर तो पर्यटकों की संख्या और बढ़ जाती है.

इसे भी पढ़ें- 50 बाघों वाले सरिस्का में अब ड्रोन से होगी निगरानी, अवैध गतिविधियों पर भी लगेगी लगाम
होटलों में भी 'नो रूम' के हालात: होटल संचालक दिनेश दुर्रानी के अनुसार, विंटर वैकेशन में साल के अंत और नए साल पर पर्यटकों की भारी आमद होती है. सरिस्का रोड, थानागाजी, टहला क्षेत्र और अलवर शहर के ज्यादातर होटलों में अंतिम सप्ताह से नए साल के पहले हफ्ते तक कमरों की बुकिंग फुल हो चुकी है.
बाघों की अच्छी साइटिंग से बढ़ा आकर्षण: सरिस्का में वर्तमान में बाघों की संख्या करीब 50 है, जिससे सफारी के दौरान टाइगर साइटिंग की संभावना काफी बढ़ गई है. हालिया सफारी में बाघिन एसटी-9, एसटी-21, एसटी-30 और अन्य बाघों के दीदार आसानी से हो रहे हैं. यही कारण है कि एनसीआर, जयपुर और अन्य शहरों से पर्यटकों का सरिस्का के प्रति क्रेज लगातार बढ़ रहा है.
इसे भी पढ़ें- सरिस्का के बफर रेंज में एसटी 9 व एसटी 2304 की जुगलबंदी कर रही सैलानियों को रोमांचित

