मुंहबोले बेटे ने की LIU इंस्पेक्टर की पत्नी की हत्या; मंदिर के बहाने कार से ले गया, मर्डर के बाद पीलीभीत में छिपाई लाश
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपी ने मां-बेटे के रिश्ते का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 5, 2026 at 2:40 PM IST
बरेली: जिले सुभाष नगर से लापता हुई 65 वर्षीय महिला के मामले ने चौंकाने वाली बात सामने आई है. पुलिस की जांच में पता चला है कि LIU से रिटायर्ड दरोगा गजराज सिंह की पत्नी शारदा यादव की हत्या उन्हीं के मुंहबोले बेटे ने की है. आरोपी ने हत्या के बाद शव को पीलीभीत ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया था.
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपी ने मां-बेटे के रिश्ते का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल, उसने संपत्ति के लालच में हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है. आगे की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि इस मामले का खुलासा सर्विलांस और CCTV की मदद से हुआ है.
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की और उसे हिरासत में लिया गया. पूछताछ के दौरान पहले तो आरोपी ने टालमटोल की, लेकिन सख्ती के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, सुभाष नगर निवासी शारदा यादव 2 मई यानी शनिवार दोपहर घर से निकली थीं, इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों ने काफी तलाश के बाद रविवार को गुमशुदगी दर्ज कराई. जांच के दौरान पता चला कि उनका मोबाइल फोन पुलिसलाइन के पास बंद हुआ था.
इसके बाद आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए. इसने जांच की दिशा बदल दी. जांच में बिहारीपुर कहरवान निवासी नगर निगम का संविदाकर्मी वरुण पाराशर शक के घेरे में आया. कॉल डिटेल्स में भी उसके नंबर से शारदा के फोन पर संपर्क की पुष्टि हुई.
सोमवार को पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया, जहां उसने हत्या की पूरी कहानी बयां कर दी. आरोपी ने बताया कि शारदा उसे बेटे जैसा मानती थीं और संपत्ति में हिस्सा देने की बात करती थीं. जब उसे लगा कि उसे हिस्सा नहीं मिलेगा, तो उसने लालच में आकर हत्या की साजिश रच डाली.
वह शारदा को मंदिर ले जाने के बहाने कार में बैठाकर ले गया और रास्ते में ही टायर बदलने वाले पाना से वार करके उनकी हत्या कर दी. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की कार से खून के निशान मिले, साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया औजार भी बरामद हुआ.
इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर पीलीभीत के जहानाबाद पहुंची, जहां उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से शव बरामद किया गया. बताया जा रहा है कि वारदात के समय शारदा के पास मौजूद करीब ढाई लाख रुपए के जेवर भी गायब हैं.

