हरियाणा में NEET (यूजी) के स्कोर पर नर्सिंग/फिजियोथैरेपी और पैरामेडिकल कोर्स में होगा एडमिशन, आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च
हरियाणा के सरकारी और निजी नर्सिंग/फिजियोथैरेपी और पैरामेडिकल संस्थानों में नीट (यूजी) की मेरिट के आधार पर प्रवेश का मौका मिलेगा.

Published : March 3, 2026 at 4:19 PM IST
पंचकूला: हरियाणा सरकार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नर्सिंग, फिजियोथैरेपी और पैरामेडिकल कार्यक्रमों में स्नातक डिग्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सरकारी व निजी नर्सिंग/फिजियोथैरेपी और पैरामेडिकल संस्थानों में नीट (यूजी) 2026 की मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पर विचार कर रही है. यह घोषणा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान महानिदेशक, हरियाणा द्वारा की गई है.
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 8 मार्च: नीट (यूजी) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 8 मार्च 2026 है. इसके बाद पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक और पात्र सभी छात्रों को नीट (यूजी) 2026 के लिए आवेदन करने और अंतिम तिथि, यानी 8 मार्च 2026 से पहले अपने आवेदन पत्र जमा करने की सलाह दी गई है. उम्मीदवार राष्ट्रीय शिक्षा प्राधिकरण (एनटीए) के आधिकारिक वेब पोर्टल https://neet.nta.nic.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी) 2026 को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा देश भर में विभिन्न स्नातक चिकित्सा कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए किया जाता है.

इस अवसर से न चूकें छात्र: चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान महानिदेशक, हरियाणा द्वारा इस सूचना को सार्वजनिक करते हुए स्पष्ट किया गया है कि इसे छात्रों के व्यापक हित में जारी किया गया है, ताकि वे राज्य सरकार द्वारा अपनाए जाने की स्थिति में नीट (यूजी) 2026 मेरिट के आधार पर प्रवेश के लिए विचार किए जाने पर प्रवेश से वंचित न हो पाएं.
इन वेबसाइट पर देखें अपडेट: उम्मीदवारों को नवीन जानकारी के लिए नीट (यूजी)- 2026 की अधिकारी की वेबसाइट https://neet.nta.nic.in और विभाग की वेबसाइट https://dmer.haryana.gov.in और पं. बीडी शर्मा, यूएचएस, रोहतक अर्थात https://uhsr.ac.in की वेबसाइट पर नियमित रूप से जाने की सलाह दी गई है.
| ये भी पढ़ें-हरियाणा में MBBS की 200 सीटें बढ़ी, भिवानी और कोरियावास मेडिकल कॉलेज में 100-100 सीटों पर इसी सत्र से होगा एडमिशन |

