रिम्स की बड़ी कार्रवाई! फर्जी प्रमाण पत्र पर एमबीबीएस में एडमिशन लेने वाले छात्र का नामांकन रद्द
फर्जी प्रमाण पत्र पर एडमिशन के मामले में रिम्स प्रबंधन ने बड़ा एक्शन लिया है.

Published : June 29, 2026 at 10:42 PM IST
रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) ने फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर प्राप्त नामांकन के एक मामले में त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई की गयी है. जिसमें वर्ष 2025 बैच के एमबीबीएस छात्र आशीष कुमार (पिता- मंटू प्रसाद मंडल) का नामांकन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है.
प्राप्त शिकायत के आलोक में रिम्स प्रबंधन द्वारा संबंधित अभिलेखों की सत्यता की जांच के लिए साहिबगंज के उपायुक्त को पत्र प्रेषित किया गया था. जिला प्रशासन द्वारा कराई गई जांच के बाद प्राप्त प्रतिवेदन में अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी से संबंधित प्रस्तुत प्रमाणपत्र को फर्जी पाए जाने की पुष्टि की गई है. जांच प्रतिवेदन के आधार पर संस्थान द्वारा नियमानुसार छात्र का नामांकन निरस्त करने की कार्रवाई की गई.
रिम्स प्रबंधन की ओर से जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिशिर कुमार महतो ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा फर्जी दस्तावेजों के उपयोग के प्रति संस्थान की जीरो टॉलरेंस नीति है. प्रवेश प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं वैधानिकता सुनिश्चित करना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में नियमों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी.
रिम्स के नि:शुल्क NEET-UG कोचिंग कार्यक्रम के लिए चयनित 30 विद्यार्थियों की सूची जारी
आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रिम्स ने अपने नि:शुल्क NEET-UG कोचिंग कार्यक्रम के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट के आधार पर चयनित 30 विद्यार्थियों की सूची जारी कर दी है. चयनित विद्यार्थियों की सूची रिम्स की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है ताकि अभ्यर्थी अपनी चयन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें.
रिम्स प्रबंधन ने चयनित सभी विद्यार्थियों को 03 जुलाई 2026 को आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं प्रमाणपत्रों के साथ संस्थान में उपस्थित होकर अंतिम नामांकन (Enrolment) की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए आमंत्रित किया है. दस्तावेजों के सत्यापन एवं नामांकन की औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत कोचिंग कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा.
इसे भी पढे़ं- एमबीबीएस में एडमिशन के लिए लड़की ने कहा उसे सुनाई नहीं देता, जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा!
इसे भी पढे़ं- MBBS में नामांकन लेने वाली छात्रा का जाति प्रमाण पत्र निकला फर्जी, धोखाधड़ी के तहत कार्रवाई की तैयारी
इसे भी पढे़ं- रांची यूनिवर्सिटी में 43530 सीटों पर नामांकन शुरू, कुलपति डॉ सरोज शर्मा ने कहा- सेशन नियमित करने पर फोकस

