रामगढ़ डीसी ने किया मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर का निरीक्षण, मंदिर के पुनर्विकास की रूपरेखा बनाई
मां छिन्नमस्तिका मंदिर के पुनर्विकास को लेकर डीसी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर कार्य योजना बनाई.

Published : April 25, 2026 at 8:22 PM IST
रामगढ़ः हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद अब रामगढ़ के प्रसिद्ध आस्था का केंद्र रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर में बड़ा बदलाव शुरू हो गया है. रजरप्पा मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने के बाद अब प्रशासन पूरे इलाके को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारी में जुट गया है.
इसी कड़ी में आज शनिवार को रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इसके पूर्व प्रशासनिक भवन में अहम बैठक की. जिसमें मंत्री फागू बेसरा, मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में मंदिर के पुनर्विकास की पूरी रूपरेखा और आगे की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई.
झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार पिछले दिनों जिला प्रशासन ने मंदिर परिसर से 254 अवैध दुकानें हटा दी थी और अब मंदिर के पुनर्विकास को लेकर रामगढ़ के डीसी एक्टिव दिख रहे हैं. डीसी आज प्रशासनिक टीम के साथ रजरप्पा मंदिर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया. साथ ही प्रस्तावित बस स्टैंड, एंट्री-एग्जिट गेट, घाट निर्माण और दुकानों के नए स्थानों को चिन्हित किया. इस दौरान डीसी ने पदाधिकारियों से कहा कि सभी कार्य समय-सीमा के भीतर और आपसी समन्वय से पूरा करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.

निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में रामगढ़ डीसी ऋतुराज ने कहा कि मंदिर परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना हमारी प्राथमिकता है. हटाई गई दुकानों के लिए भी जगह चिन्हित की जा रही है. विकास के साथ-साथ प्रभावित दुकानदारों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा. इसके लिए वैकल्पिक स्थानों की पहचान की जा रही है, ताकि सभी को व्यवस्थित समाधान मिल सके. इसके अलावा मंदिर विकास कार्य के दौरान काटे जाने वाले पेड़ों के बदले क्षतिपूर्ति वनीकरण की योजना पर भी काम शुरू हो चुका है. अधिकारियों ने इसके लिए अलग से स्थल निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए हैं.

स्पष्ट है कि रजरप्पा मंदिर को एक आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित धार्मिक स्थल बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है. अब देखना होगा कि यह योजना जमीन पर कितनी तेजी से उतरती है.
ये भी पढ़ें-
रजरप्पा मंदिर क्षेत्र में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, 254 दुकानदारों को अल्टीमेटम

